IPL 2019 में अपनी-अपनी टीमों के लिए इन बल्लेबाजों ने लगाए थे सबसे लंबे छक्के, Dhoni पहले नंबर पर
IPL के पिछले सीजन में सबसे लंबा छक्का MS Dhoni के बल्ले से निकला था।
नई दिल्ली, जेएनएन। IPL 2019 यानी इस लीग का पिछला सीजन काफी रोमांचक रहा था और कई दिलचस्प मुकाबले खेले गए थे। इस सीजन की विजेती बनी थी रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस और इस टीम ने महेंद्र सिंह धौनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स को फाइनल में हराया था। पिछले सीजन में कई ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने अपनी आकर्षक पारी से क्रिकेट फैस का दिल जीता और कई बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ छक्के भी लगाए, पर इन सबमें कुछ बल्लेबाज ऐसे भी रहे जिन्होंने अपनी-अपनी टीमों के लिए सबसे लंबा छक्का लगाया। आइए जानते हैं पिछले सीजन के उन बल्लबाजों के बारे में जिन्होंने अपनी टीम के लिए सबसे लंबा छक्का लगाने का गौरव हासिल किया।
आइपीएल 2019 में सबसे लंबा छक्का लगाया था MS Dhoni ने
इंडियन प्रीमियर लीग के आखिरी सीजन यानी साल 2019 में सबसे लंबा छक्का लगाया था चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने। उन्होंने इस सीजन का सबसे लंबा छक्का लगाया था जो 111 मीटर लंबा था। वहीं दूसरी तरफ चेन्नई की तरफ से इस सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया ये सबसे बड़ा और लंबा छक्का भी साबित हुआ। इस सीजन की विनर टीम यानी मुंबई इंडियंस की तरफ से सबसे लंबा छक्का टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने जड़ा था जो 104 मीटर लंबा था।
कोलकाता की बात करें तो इस टीम की तरफ से ये कमाल क्रिस लिन ने किया था जबकि बैंगलोर की तरफ से उमेश यादव ने पिछले सीजन का सबसे लंबा छक्का लगाया था। पिछले सीजन में क्रिस गेल ने पंजाब की तरफ से सबसे लंबा छक्का जड़ा था तो हैदराबाद की तरफ से जॉनी बेयरस्टो ने ये कमाल किया था। दिल्ली की तरफ से रिषभ पंत तो राजस्थान की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने ये उपलब्धि हासिल की थी।
आइपीएल 2019 में अपनी-अपनी टीमों के लिए सबसे लंबे छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
चेन्नई सुपर किंग्स – महेंद्र सिंह धौनी- 111 मीटर
मुंबई इंडियंस – हार्दिक पांड्या- 104 मीटर
कोलकाता नाइट राइडर्स – क्रिस लिन- 102 मीटर
रॉयल चैलेंजर बैंगलोर – उमेश यादव- 101 मीटर
किंग्स इलेवन पंजाब – क्रिस गेल- 101 मीटर
सनराइजर्स हैदराबाद – जॉनी बेयरस्टो- 94 मीटर
दिल्ली कैपिटल्स – रिषभ पंत- 94 मीटर
राजस्थान रॉयल्स – जोफ्रा आर्चर- 92 मीटर