Ind vs Afg: टाई मैच में भी 'कप्तान' धौनी ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, देखते रह गए सब
जनवरी 2017 की शुरुआत में जब धौनी ने वनडे की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था तब धौनी ने भारत के लिए 199 वनडे मैचों में कप्तानी की थी।
नई दिल्ली, [जागरण स्पेशल]। एशिया कप में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबला टाई रहा। इस मैच में टीम इंडिया की कमान महेंद्र सिंह धौनी ने संभाली, क्योंकि इस मुकाबले के लिए रोहित शर्मा और शिखर धवन दोनों को ही आराम दिया गया था, तो 2 साल के बाद धौनी एक बार फिर से नीली जर्सी में एक कप्तान के तौर पर मैदान पर उतरे। धौनी कप्तानी करें और कोई करिश्मा न हो ऐसा कैसे हो सकता है? धौनी ने 2 साल के बाद टीम इंडिया की कमान संभालते ही रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। चलिए आपको बताते हैं उन रिकॉर्ड के बारे में जो माही ने इस मैच में बनाए-
धौनी ने 696 दिन के बाद की कप्तानी
महेंद्र सिंह धौनी ने 696 दिनों के बाद भारतीय टीम के कप्तान के तौर पर वापसी की। इससे पहले उन्होंने 29 अक्टूबर 2016 को आखिरी बार भारत की कप्तानी की थी।
धौनी ने पूरा किया वनडे कप्तान का 'दोहरा शतक'
धौनी का कप्तान के तौर 200वां वनडे था और यह रिकॉर्ड बनाने वाले वह पहले भारतीय और विश्व के सिर्फ तीसरे कप्तान हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड रिकी पोंटिंग (230) और स्टीफन फ्लेमिंग (218) ने बनाया था। जनवरी 2017 की शुरुआत में जब धौनी ने वनडे की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था तब धौनी ने भारत के लिए 199 वनडे मैचों में कप्तानी की थी। इसका मतलब था कि वो भारत के लिए 200 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी नहीं कर पाएंगे। हालांकि, धौनी के हाथों में इस स्क्रिप्ट को बदलना नहीं था, लेकिन किस्मत ने उनके लिए पूरी तैयारी के साथ योजना बना रखी थी।
टॉस के समय जब रसेल आर्नोल्ड ने सवाल किया तो धौनी ने भावहीन चेहरे के साथ कहा, ‘मैंने जहां खड़ा हूं, मैंने वाकई में कभी इसके बारे में नहीं सोचा था। मैंने 199 वनडे मैचों में कप्तानी की। इसलिए इसे 200 में बदलने का मुङो से मौका मिला। जब मैंने एक बार कप्तानी छोड़ दी तो फिर यह मेरे नियंत्रण में नहीं था। 200वें मैच में कप्तान करना सुखद है, लेकिन मैं नहीं सोचता कि यह कोई मायने रखता है।
धौनी है टाई मैचों के बादशाह
अपनी कप्तानी में सबसे ज्यादा टाई वनडे मैच खेलने का रिकॉर्ड महेंद्रसिंह धोनी के नाम दर्ज था और उन्होंने इस टाई मैच के साथ और बेहतर कर लिया। धौनी की कप्तानी में यह पांचवां टाई मैच रहा और इस मामले में विश्व रिकॉर्ड धौनी के ही नाम है। इस मामले में रिची रिचर्डसन (वेस्टइंडीज), स्टीव वॉ (ऑस्ट्रेलिया) और शॉन पोलक (द. अफ्रीका) 3-3 मैचों के साथ दूसरे क्रम पर हैं।
धौनी ने तोड़ा अजहर का रिकॉर्ड
एमएस धौनी (37 साल 80 दिन) सबसे ज्यादा उम्र में भारत की कप्तानी करने वाले कप्तान बने। उन्होंने मोहम्मद अज़हरुद्दीन (36 साल 124 दिन) का रिकॉर्ड तोड़ा।
धौनी ने द्रविड़ को भी छोड़ा पीछे
महेंद्र सिंह धौनी (505) भारत की तरफ से सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खेलने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने राहुल द्रविड़ (504) का रिकॉर्ड तोड़ा। इस मामले में भारतीय रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर (664) के नाम है।