मुंबई के लिए सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने किया डेब्यू, पहले मैच में ऐसा रहा प्रदर्शन
Syed Mushtaq Ali Trophy 2021 के सीजन में भारतीय टीम के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने डेब्यू किया है। मुंबई की सीनियर टीम के लिए वह पहली बार कोई पेशेवर मुकाबला टीम के लिए खेलने उतरे।
नई दिल्ली, जेएनएन। Syed Mushtaq Ali Trophy 2021 में शुक्रवार 15 जनवरी को एलीट ग्रुप ई का मुकाबला मुंबई और हरियाणा की टीम के बीच मुंबई के बांद्रा कुरला कॉम्प्लेक्स में खेल गया। ये मैच भारतीय टीम के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर के लिए काफी अहम था, क्योंकि उन्होंने मुंबई की टीम के लिए पहली बार कोई मैच खेला है। अर्जुन तेंदुलकर सीनियर टीम के सदस्य बने थे, लेकिन तीसरे मैच में उनको मौका मिला।
ऑलराउंडर के तौर पर जाने-जाने वाले अर्जुन तेंदुलकर हरियाणा के खिलाफ बल्लेबाजी करने के लिए आखिरी के ओवर में आए और नाबाद लौटे, लेकिन उनको एक भी गेंद का सामना करने का मौका नहीं मिला, क्योंकि सामने वाला खिलाड़ी आउट हो गया था। हालांकि, उन्होंने गेंदबाजी में अपने हाथ दिखाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अर्जुन तेंदुलकर को पारी का दूसरा ओवर कराने का मौका दिया, लेकिन वे थोड़े से महंगे साबित हुए।
कप्तान सूर्यकुमार ने फिर से अर्जुन तेंदुलकर पर भरोसा किया और पावरप्ले में उनके स्पेल का दूसरा ओवर कराने दिया। उन्होंने पारी का चौथा ओवर फेंका, जिसकी पहली गेंद पर उनको सफलता मिली। उन्होंने चेतन्य बिश्नोई को चलता किया, जो 9 गेंदों में 4 रन बनाकर आदित्य तारे के हाथों कैच आउट हुए। इस मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर ने अपने कोटे के 4 में से 3 ओवर फेंके, लेकिन वे महंगे साबित हुए। एक सफलता उनको मिली, लेकिन उन्होंने 34 रन खर्च किए।
उधर, मुंबई की टीम को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 2021 के सीजन में लगातार तीसरी हार झेलनी पड़ी। मुंबई को सबसे पहले दिल्ली की टीम ने 76 रनों से हराया था, जबकि दूसरे मैच में 200 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद केरल की टीम ने 8 विकेट से रौंद दिया था, जिसमें केरल के बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शतक ठोका था। एलीट ग्रुप ई में दो ही मुकाबले मुंबई के बाकी हैं। ऐसे में टीम के लिए आगे की राह कठिन हो गई है।