रवि शास्त्री दोबारा बन तो गए टीम इंडिया के कोच लेकिन कितने मैच जितवाए हैं भारत को ?
शुक्रवार को कपिल देव की अध्यक्षता वाली 3 सदस्यीय कमिटी ने शास्त्री को भारतीय क्रिकेट टीम का मुख्य कोच बनाए रखने का फैसला लिया। 5 उम्मीदवारों के इंटरव्यू के बाद यह फैसला लिया गया।
नई दिल्ली, जेएनएन। शुक्रवार को तमाम क्रिकेट प्रेमी की नजर बस इसी बात पर टिकी थी कि भारतीय क्रिकेट टीम का मुख्य कोच किसको चुना जाएगा। पूर्व कप्तान कपिल देव की अध्यक्षता वाली कमिटी ने मौजूदा कोच रवि शास्त्री को ही टीम का मुख्य कोच बनाए रखने का फैसला लिया।
कोच के नाम का ऐलान किए जाने के बाद इस पर अलग- अलग प्रतिक्रियाएं आने लगी। कुछ ने इसे कप्तान विराट कोहली की पसंद को तरजीह दिए जाने से जोड़ा तो कुछ ने इसे पहले से तय बताया। चलिए, जरा नजर डाल लेते हैं कि अपने पिछले कार्यकाल में कोच शास्त्री ने भारतीय टीम को कितनी कामयाबी दिलाई और उनके हाथ कितनी निराशा लगी।
टेस्ट, वनडे और टी20 सभी इम्तिहान में पास शास्त्री
शास्त्री के भारतीय टीम से बतौर कोच जुड़ने के बाद से टीम को कुल 121 मुकाबले में से 81 में जीत मिली जबकि सिर्फ 33 में वह हारी। 3 मैच ड्रॉ रहे तो दो टाई वहीं तो मुकाबले बेनतीजा रहे। इसमें 21 टेस्ट , 63 वनडे और 37 टी20 मुकाबले शामिल हैं। भारत ने 11 टेस्ट, 45 वनडे और 25 टी20 मुकाबले में जीत हासिल की।
फॉर्मेट
|
मैच
|
जीत
|
हार
|
ड्रॉ/टाई/बेनतीजा
|
टेस्ट
|
21
|
11
|
7
|
3
|
वनडे
|
63
|
45
|
15
|
3
|
टी20
|
37
|
25
|
11
|
1
|
शास्त्री की कोचिंग में बड़ी उपलब्धि
भारतीय क्रिकेट टीम ने शास्त्री की कोचिंग में साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका में खेली गई द्विपक्षीय वनडे सीरीज 5-1 की बड़ी जीत हासिल की। यह पहला मौका था जब भारत ने दक्षिण अफ्रीका में वनडे सीरीज अपने नाम की थी।
साल 2019 में टीम इंडिया वो कारनामा किया जो आज तक कोई भारतीय टीम नहीं कर पाई थी। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट सीरीज में हराया, इतना ही नहीं वनडे सीरीज में भी जीत का परचम लहराया। यह पहला मौका था जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया से उसी की सरजमीं पर दोनों सीरीज में जीत हासिल की हो।
घर पर ही नहीं बाहर भी मिली जीत
साल 2017 में हुए चैंपियंस ट्रॉफी में मिली हार के बाद शास्त्री को टीम का मुख्य कोच बनाया गया था। 2017 से 2019 के बीच भारत ने अपने घर पर खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया (4-1), न्यूजीलैंड (2-1), श्रीलंका (2-1) व वेस्टइंडीज (3-1) से वनडे सीरीज में जीत हासिल की।
शास्त्री की कोचिंग में टेस्ट सीरीज में भी टीम ने कामयाबी मिली। 2017 से 2019 के बीच भारत ने श्रीलंका को भारत में (3-0), और उसके घर पर खेलते हुए (1-0) टेस्ट सीरीज में मात दिया। अफगानिस्तान के साथ खेले गए एक मात्र टेस्ट में टीम को जीत मिली। इसके अलावा वेस्टइंडीज (2-0) और ऑस्ट्रेलिया (2-1) को भारत ने हराया।
निदाहास ट्रॉफी और एशिया कप पर कब्जा
साल 2018 में श्रीलंका में खेले गई निदहास ट्रॉफी पर भी भारत ने कब्जा जमाया। टी-20 फॉर्मेट में खेले गए टूर्नामेंट में श्रीलंका के अलावा बांग्लादेश ने भी हिस्सा लिया था। भारत ने फाइनल में बांग्लादेश पर रोमांचक जीत हासिल कर खिताब जीता था।
यूएई में 5 देशों के एशिया कप पर भी भारत ने धाक जमाते हुए खुद को एशिया का चैंपियन साबित किया। 2018 में खेले गए इस टूर्नामेंट में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, हांगकांग, पाकिस्तान और श्रीलंका ने हिस्सा लिया था। भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।