Watch Video: हार्दिक पांड्या ने MS Dhoni को जन्मदिन पर दिया सरप्राइज, पहुंचे रांची के फार्म हाउस
MS Dhoni Birthday के जश्न में चार चांद उस समय लग गया जब भारतीय टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या व उनकी पत्नी पंखुड़ी शर्मा शामिल हुए।
रांची, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने अपना 39वां जन्मदिन मंगलवार को परिवार के साथ रांची स्थित सिमलिया फार्म हाउस में मनाया। इस जश्न में चार चांद उस समय लग गया जब भारतीय टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या व उनकी पत्नी पंखुड़ी शर्मा शामिल हुए।
पार्टी में शामिल होने के लिए पांड्या बंधु विशेष रूप से विशेष विमान से रांची पहुंचे। शाम लगभग साढ़े पांच बजे दोनों भाई रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से निकले। वहां से उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में सिमलिया फार्म हाउस ले जाया गया।
धौनी के करीबी सूत्रों ने बताया कि माही पिछले काफी दिनों से भारतीय टीम के सदस्यों से कटे हुए थे। इसलिए पांड्या बंधु उनका हाल जानने व जन्मदिन में शामिल होने के उद्देश्य से रांची पहुंचे। रात में धौनी ने अपने फार्म हाउस में परिवारवालों व पांड्या बंधुओं के साथ शारीरिक दूरी का पालन करते हुए जन्मदिन मनाया।
मां-पिता का लिया आशीर्वाद :
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के बाद से धौनी को अपने जन्मदिन पर रांची में रहने का मौका बहुत कम मिला है। यह तीसरा मौका था जब माही ने परिवार वालों के साथ जन्मदिन मनाया। मंगलवार की सुबह धौनी ने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। वहीं सुबह से उनके निवास में अभिन्न मित्रों ने आकर बधाई दी। जबकि राजधानी में कई जगह उनका जन्मदिन मनाया गया। पूर्व व वर्तमान क्रिकेट खिलाडिय़ों ने केक काटे और माही को बधाई दी।
भारतीय ऑलराउंडर @hardikpandya7 ने @msdhoni को दिया जन्मदिन पर दिया सरप्राइज। रांची पहुंचकर जश्न में हुए शामिल। #MSDhonibirthday pic.twitter.com/8DmGvlvQZo — viplove kumar (@viploveku) July 7, 2020
हाथ जोड़ कर एयरपोर्ट से बाहर निकले पांड्या बंधु :
हार्दिक व क्रुणाल पांड्या एयरपोर्ट से हाथ जोड़ते हुए बाहर निकले। कोरोना संक्रमण के कारण दोनों भाइयों ने मास्क पहन रखा था। एयरपोर्ट पर कुछ प्रशंसकों ने उन्हें फूल देने का प्रयास किया लेकिन दोनों ने हाथ जोड़कर क्षमा मांगते हुए इन्कार कर दिया।
सोशल मीडिया में बधाई का तांता :
धौनी की पत्नी साक्षी ने इंस्टाग्र्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं जो मंगलवार की सुबह की हैं। वायरल तस्वीरों में धौनी फार्म हाउस में आम दिनों की तरह अपने कुत्तो के साथ मस्ती करते नजर आ रहे हैं।