MS Dhohi के भविष्य पर विराट कोहली व सेलेक्टर्स को करना चाहिए फैसला- सौरव गांगुली
MS Dhoni वर्ल्ड कप 2019 के बाद से टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धौनी (MS Dhoni) की रिटायरमेंट को लेकर चर्चा लगातार जारी है। अब टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने धौनी की रिटायरमेंट पर अपनी बात कही है। धौनी विश्व कप से बाद से टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। वो वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं गए और उसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी खुद को उपलब्ध नहीं बताया था। वहीं इस बीच विराट ने एक ट्वीट किया था जिसके बाद सोशल मीडिया पर ये बातें सामने आईं कि धौनी रिटायर हो रहे हैं, लेकिन विराट ने कहा कि उन्होंने ये ट्वीट बस ऐसे ही किया था।
सौरव गांगुली ने अब धौनी की रिटायरमेंट को लेकर कहा है कि मुझे नहीं पता कि सेलेक्टर्स और टीम के कप्तान विराट कोहली इस पर क्या सोच रहे हैं। ये लोग काफी महत्वपूर्ण हैं और इन्हें धौनी की रिटायरमेंट पर फैसला करना चाहिए। इसके अलावा गांगुली ने विराट कोहली की शानदार कप्तानी की सराहना की और उन्हें दुनिया का बेहतरीन बल्लेबाज करार दिया। उन्होंने स्टीव स्मिथ के बारे में कहा कि उनका रिकॉर्ड उनके बारे में खुद बताया है। यानी साफ तौर पर उन्होंने विराट और स्मिथ की तुलना के बारे में कुछ भी नहीं कहा। गांगुली ने कहा कि विराट इस वक्त दुनिया के सबसे अच्छे बल्लेबाज हैं।
गांगुली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम इंडिया को जीत के लिए अपनी फेवरेट टीम बताया। विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया हाल ही में वेस्टइंडीज दौरे से लौटी है जहां उन्होंने कैरेबियाई टीम को वनडे, टी20 व टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया था।