सूर्यकुमार यादव ने विराट व धौनी को एक शब्द में कुछ ऐसे दिया सम्मान, कहा- क्रिकेटर नहीं होता तो एक्टर बनता
सूर्यकुमार यादव से उनके एक फैन ने पूछा कि क्रिकेट आपके लिए कितना जरूरी है तो इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जितना सांस लेना जरूरी है मेरे लिए क्रिकेट उतना ही जरूरी है। वहीं उन्होंने बताया कि अगर वो क्रिकेटर नहीं होते तो फिर क्या होते।
नई दिल्ली, जेएनएन। टीम इंडिया में हाल ही में जगह बनाने वाले मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अपने इंस्टा अकाउंट के जरिए कई मजेदार बातों का खुलासा किया। आइपीएल 2021 के स्थगित होने के बाद सूर्यकुमार यादव सोशल साइट पर काफी एक्टिव हैं और अपने क्रिकेट करियर व निजी जिंदगी के बारे में उन्होंने अपने क्रिकेट फैंस से काफी सारी बातें की।
एक सवाल-जवाब के सेशन में सूर्यकुमार यादव ने विराट कोहली, रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर और एम एस धौनी को एक शब्द में वर्णित किया। उन्होंने विराट कोहली को प्रेरणास्रोत, रोहित शर्मा को हिटमैन, एम एस धौनी को लीडेंज व सचिन तेंदुलकर को भगवान बताया। फैंस ने उनसे पूछा कि, उनका फेवरेट शॉट कौन सा है तो उन्होंने झाड़ू का फोटो शेयर किया जिसका मतलब था कि, उन्हें स्वीप शॉट काफी पसंद है। वहीं उन्होंने टीम इंडिया के लिए टी20 में जो अर्धशतकीय पारी खेली थी उसे अपना पसंदीदा पारी बताया।
सूर्यकुमार यादव से उनके एक फैन ने पूछा कि, क्रिकेट आपके लिए कितना जरूरी है तो इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि, जितना सांस लेना जरूरी है मेरे लिए क्रिकेट उतना ही जरूरी है। वहीं उन्होंने बताया कि, अगर वो क्रिकेटर नहीं होते तो फिर क्या होते। सूर्यकुमार यादव ने कहा कि, अगर मैं क्रिेेकेट नहीं खेल रहा होता तो एक्टिंग करता। वहीं उन्होंने रणबीर कपूर को अपना पसंदीदा एक्टर बताया।
उन्होंने अपनी आइपीएल टीम मुंबई इंडियंस के बारे में बात करते हुए कहा कि, हम एक परिवार की तरह से हैं और हर खिलाड़ी एक-दूसरे का सहयोग करते हैं। वहीं एक फैन ने उनसे पूछा कि, उनका फेवरेट खाना क्या है तो उन्होंने बताया कि, बिरयानी को वो बेहद पसंद करते हैं। आपको बता दें कि, सूर्यकुमार यादव को काफी इंतजार के बाद इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिला था।