रोहित शर्मा की कप्तानी से काफी प्रभावित हैं पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर
सुनील गावस्कर ने रोहित शर्मा को शानदार कप्तान बताया।
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने कहा कि वो रोहित शर्मा की सूझबूझ भरी कप्तानी के कायल है। उन्होंने उनकी कप्तानी की जमकर तारीफ की। रोहित शर्मा को एशिया कप 2018 के लिए भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया था। उन्हें विराट की जगह ये जिम्मेदारी सौंपी गई थी क्योंकि विराट को आराम दिया गया था। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ क्रिकेट सीरीज और ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए पूरी तरह से फिट होने के लिए समय दिया गया है।
69 वर्ष के सुनील गावस्कर ने कहा कि वो रोहित की कप्तानी के प्रशंसक तभी से हैं जब उन्हें पहली बार वर्ष 203 में आइपीएल में मुंबई इंडियन की कप्तानी सौंपी गई थी और उनकी कप्तानी में मुंबई ने खिताब जीता था। उन्होंने कहा कि रोहित ने पहली बार मुंबई की कप्तानी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई थी। अपने पहले ही सीजन में उन्होंने अपनी कप्तानी से काफी प्रभावित किया था।
गावस्कर ने कहा कि उन्हें जब भी भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिली है उन्होंने अपनी कुशाग्र बुद्धि का परिचय दिया है। कप्तानी के दौरान उन्होंने अपने धैर्य को हमेशा दिखाया है और फिर एक बल्लेबाज के तौर पर उन्होंने प्रदर्शन किया है। कप्तानी की जिम्मेदारी ने उन्हें और बेहतर बनाया है। रोहित ने इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी 20 सीरीज के लिए वर्ष 2017 में कप्तानी की थी। वनडे में उन्होंने 2-1 जबकि टी 20 सीरीज में उन्होंने 3-0 से जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने इस वर्ष मार्च में बांग्लादेश में आयोजित निदाहस ट्रॉफी में भारतीय टीम की कप्तानी की थी और खिताब अपने नाम किया था। इसके फाइनल भारत ने बांग्लादेश को हराया था।
गावस्कर ने वनडे टीम में वापसी करने वाले रवींद्र जडेजा की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनकी टीम में जगह बनती है क्योंकि वो बेहतरीन गेंदबाज, बल्लेबाज और फील्डर हैं।