मीराबाई चानू से मिले सचिन तेंदुलकर, मणिपुर से टोक्यो तक के प्रेरक सफर के बारे में की बात
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने बुधवार को टोक्यो ओलिंपिक में रजत पदक जीतने वालीं वेटलिफ्टर मीराबाई चानू से मुंबई में अपने घर पर मुलाकात की। मीराबाई चानू पिछले महीने ओलिंपिक में भारोत्तोलन में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया था।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने बुधवार को टोक्यो ओलिंपिक में रजत पदक जीतने वालीं वेटलिफ्टर मीराबाई चानू से मुंबई में अपने घर पर मुलाकात की। मीराबाई चानू पिछले महीने ओलिंपिक में भारोत्तोलन में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया था। उन्होंने ओलिंपिक में भारोत्तोलन में भारत को दो दशक बाद पदक दिलाया। इससे पहले कर्णम मल्लेश्वरी ने 2000 सिडनी ओलिंपिक में कांस्य पदक जीता था। साथ ही उन्होंने ओलिंपिक में पदक मुकाबले के पहले दिन देश को पदक दिलाया था। ऐसा पहली बार हुआ कि पदक मुकाबलों के पहले ही दिन भारत का खाता खुल गया।
Loved meeting @sachin_rt Sir this morning! His words of wisdom & motivation shall always stay with me. Really inspired. pic.twitter.com/Ilidma4geY
— Saikhom Mirabai Chanu (@mirabai_chanu) August 11, 2021
चानू और तेंदुलकर दोनों ने ट्विटर पर मुलाकात को लेकर जानकारी दी। चानू ने तेंदुलकर के साथ मुलाकात की फोटो ट्वीट करते हुए कहा,' आज सुबह सचिन तेंदुलकर सर से मिलकर काफी अच्छा लगा। उनके ज्ञान और प्रेरणा के शब्द हमेशा मेरे साथ रहेंगे। वास्तव में उन्होंने मुझे बहुत प्रेरित किया।' वहीं सचिन तेंदुलकर ने मीराबाई चानू के इस ट्वीट को रीट् ट्विवीट करके जवाब दिया।
Thank you so much sir https://t.co/SgxosVBM65— Saikhom Mirabai Chanu (@mirabai_chanu) August 11, 2021
सचिन ने लिखा, 'मीराबाई चानू आपसे मिलकर मझे भी काफी खुशी हुई। मणिपुर से टोक्यो तक की आपकी प्रेरक सफर के बारे में आपसे बात करके बहुत अच्छा लगा। आने वाले सालों में आपको और सफलता मिले। कड़ी मेहनत जारी रखें।' चानू ने तेंदुलकर के इस ट्वीट को रीट्वीट किया और बहुत बहुत धन्यवाद कहा।
टोक्यो ओलिंपिक में अपने चार सफल प्रयासों के दौरान 49 किग्रा भार वर्ग में चार फुट 11 इंच मीराबाई चानू ने कुल 202 किग्रा (स्नैच में 87 किग्रा व क्लीन एंड जर्क में 115 किग्रा) का कुल वजन उठाया था। वह ओलिंपिक में भारत को भारोत्ताेलन में रजत पदक दिलाने वाली पहली और व्यक्तिगत स्पर्धा में पीवी सिंधू के बाद रजत पदक दिलाने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।