रिषभ पंत की तुलना Dhoni के साथ किए जाने पर भड़क गए उनके बचपन के कोच, कहा- नहीं है इसकी जरूरत
रिषभ पंत की तुलना धौनी के साथ की जाती है इस पर तारक सिन्हा ने कहा कि उनकी तुलना धौनी के साथ होती रही और उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। अगर उनकी जगह कोई और खिलाड़ी होता तो कब का टूट जाता।
नई दिल्ली, जेएनएन। रिषभ पंत ने पिछल छह महीनों में टीम इंडिया के लिए जिस तरह का प्रदर्शन किया है शायद हमेशा से उनके इसी तरह से प्रदर्शन की आशा सबको रहती थी। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बिल्कुल बदले-बदले से नजर आए रिषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय धरती पर कमाल किया और ना सिर्फ रन बनाए बल्कि विकेट के पीछे भी ऐसा खेल दिखाया कि, हर किसी ने उनकी तारीफ की। पंत के अच्छे खेल की वजह से बार-बार उनकी तुलना टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एम एस धौनी से की जाती है। अब रिषभ पंत के बचपन के कोच तारक सिन्हा ने एक इंटरव्यू के दौरान रिषभ पंत की धौनी के साथ तुलना साथ ही भविष्य में उनके टीम इंडिया के कप्तान बनने पर अपने विचार रखे।
रिषभ की तुलना धौनी के साथ की जाती है इस पर तारक सिन्हा ने कहा कि, उनकी तुलना धौनी के साथ होती रही और उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। अगर उनकी जगह कोई और खिलाड़ी होता तो कब का टूट जाता। पंत की सबसे बड़ी ताकत उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति है और इसी की वजह से वो अपने खेल पर फोकस कर पाए। तारक सिन्हा से कहा गया कि, धौनी भी शुरुआती दिनों में आक्रामक तरीके से बल्लेबाजी करते थे, लेकिन कप्तान बनने के बाद उन्होंने अपने खेल में बदलाव किए तो क्या रिषभ पंत भी ऐसा ही करेंगे। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि, इसमें कोई शक नहीं है कि रिषभ पंत खेल के बदलने वाले खिलाड़ी हैं, लेकिन बार-बार उनकी तुलना महेंद्र सिंह धौनी के साथ क्यों की जाती है।
तारक सिन्हा ने कहा कि खुद को साबित करने के लिए एम एस धौनी को भी काफी वक्त लगा और समय के साथ ही वो दिखा पाए कि, वो क्या कुछ करने में सक्षम हैं। ठीक इसी तरह से रिषभ पंत के साथ भी धैर्य दिखाने की जरूरत है और उनका भी समय आएगा। इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा कि, उन्हें अभी लंबा रास्ता तय करना है और वो अतिरिक्त जिम्मेदारी से बिल्कुल भी नहीं घबराते।