गणतंत्र दिवस 2022 : सचिन तेंदुलकर का देशवासियों के लिए खास वीडियो संदेश, 'राइट टू प्ले' पर की चर्चा
भारत के 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने खेल के महत्व के बारे में बताया और राइट टू प्ले पर चर्चा की। उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्होंने लोगों को शुभकामनाएं दी साथ ही राइट टू प्ले के बारे में बताया।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारत के 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर, पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने खेल के महत्व के बारे में बताया और 'राइट टू प्ले' पर चर्चा की। उन्होंने इस मौके पर ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लोगों को शुभकामनाएं दी साथ ही राइट टू प्ले' के बारे में बताया। उन्होंने कहा, 'मैं सभी को गणतंत्र दिवस 2022 की शुभकामनाएं देना चाहता हूं। 1950 में आज ही के दिन हमने अपने संविधान को अपनाया था। कानून, अधिकार, अध्यादेश, हमारे संविधान में ऐसे कई पहलू हैं, जिनके कारण हमारा देश मजबूती से आगे बढ़ रहा है। लेकिन आज मैं एक अलग अधिकार के बारे में बात करना चाहता हूं- राइट टू प्ले। संयुक्त राष्ट्र में बच्चों के अधिकार के तौर पर इसका जिक्र है और भारत ने भी इसे स्वीकार किया है।'
तेंदुलकर ने आगे कहा, 'संयुक्त राष्ट्र यह भी समझता है कि बच्चों के विकास और स्वास्थ्य में खेल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। 'स्पोर्ट्स प्लेइंग नेशन' के पीछे भी यही सोच है। न केवल खेल देखें बल्कि उन्हें खेलें भी। खेल खेलना न केवल बच्चों के स्वास्थ्य के लिए अच्छा है बल्कि सभी के लिए फायदेमंद है।'
Sharing something close to my heart - The “𝘙𝘪𝘨𝘩𝘵 𝘵𝘰 𝘗𝘭𝘢𝘺”.
Happy #RepublicDay to all my fellow Indians! 🇮🇳#SportPlayingNation pic.twitter.com/RmeoLdydAY— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) January 26, 2022
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली समेत क्रिकेट समुदाय के अन्य लोगों ने 73वें गणतंत्र दिवस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। कोहली ने ट्विटर पर लिखा, 'सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं। भारतीय होने पर गर्व है।' आलराउंडर रवींद्र जडेजा ने ट्वीट किया, 'मेरे सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे देश की विविधता, जीवंतता और संस्कृति पर गर्व है। जय हिंद।' भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने भी बधाई दी और लिखा, 'भारत के सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं।'
भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने भी गणतंत्र दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा, 'हमारे 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रत्येक भारतीय को बधाई। हमारी विविधता ही हमारी सुंदरता है और मैं सभी के लिए शांति, अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की कामना करता हूं। जय हिंद!' टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर ने लिखा, 'अनगिनत जिंदगियों को कुर्बानी के बाद हमें हर जान की रक्षा करने का अधिकार मिला! इसका आनंद लें! गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं।'