अपने जमाने के इस आलराउंड क्रिकेटर को आइपीएल में खेलते देखना पसंद करते अजहर
पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने बताया है कि वह टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और आलराउंडर कपिल देव को इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते देखना पसंद करते। एक फैन ने उनसे सवाल किया कि वह अपने जमाने के किस क्रिकेटर को आइपीएल में खेलते देखना पसंद करते।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने अपने जमाने के उस क्रिकेटर का नाम बताया है जिसे वह दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियम लीग (IPL) में खेलते देखना चाहते। ट्विटर पर एक फैन के सवाल पर उन्होंने अपने जमाने का उस खिलाड़ी का नाम बताया, जिसे वह आइपीएल में खेलता देखना पसंद करते। साथ ही इसके लिए उन्होंने कारण भी बताया।
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और आलराउंडर कपिल देव वह खिलाड़ी हैं, जिसे अजहर आइपीएल में खेलता देखना पसंद करते। इसका कारण उन्होंने आलराउंडर होना बताया। बता दें कि कपिल की कप्तानी में टीम इंडिया 1983 में वर्ल्ड कप जीती थी। यह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सुनहरे पलों में से एक है। उन्होंने 1990 के दशक में क्रिकेट की दुनिया में भारतीय टीम को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है। कपिल को भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ आलराउंडर माना जाता है। 9000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन और 687 विकेट के साथ कपिल का भारत के लिए एक शानदार करियर रहा।
एकदिवसीय क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 175 रन रहा। यह पारी उन्होंने 1983 वर्ल्ड कप में जिंबाब्वे के खिलाफ खेली थी। यह पारी उन्होंने तब खेली थी जब टीम इंडिया संकट में थी। टीम इंडिया महज 17 रन पर 5 विकेट गंवा दी थी।आइपीएल को दुनिया की सबसे बेहतरीन क्रिकेट लीग माना जाता है। आइपीएल फ्रेंचाइजी हमेशा अच्छे आलराउंड खिलाड़ियों की तलाश में रहते हैं। कपिल देव टीम को सही संतुलन देते। गेंदबाजी में वो प्रभावी होते ही। साथ निचले क्रम पर उनकी पावर हिटिंग से टीम को काफी फायदा होता।
Kapil Dev. All round ability.— Mohammed Azharuddin (@azharflicks) January 22, 2022
कपिल देव ने 131 टेस्ट मैचों में 31.05 की औसत से 5248 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने आठ शतक और 27 अर्धशतक लगाए। 434 विकेट भी लिए। वहीं 225 वनडे में 23.79 की औसत से 3783 रन बनाए। इस दौरान एक शतक और 14 अर्धशतक लगाए। 253 विकेट भी लिए।