ऑस्ट्रेलियाई कमेंटेटर स्लेटर ने प्रधानमंत्री मॉरिसन पर साधा निशाना, यात्रा प्रतिबंध को बताया अपमान
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर और कमेंटेटर माइकल स्लेटर इस समय आइपीएल 2021 में कमेंट्री कर रहे हैं और उन्होंने भारत पर यात्रा प्रतिबंध को लेकर अपने देश के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे अपमान बताया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर और कमेंटेटर माइकल स्लेटर वर्तमान में आइपीएल 2021 में कमेंट्री कर रहे हैं और उन्होंने यात्रा प्रतिबंध को लेकर अपने देश के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे अपमान बताया है। बता दें कि भारत में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर उफान पर है। इसके चलते ऑस्ट्रेलिया भारत से आने वाली किसी भी कमर्शियल विमानों पर रोक लगा दी है। सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आइपीएल में व्यस्त हैं उन्हें स्वदेश लौटने के लिए खुद से व्यवस्था करनी होगी।
माइकल स्लेटर ने ट्वीट करके कहा कि अगर हमारी सरकार ने ऑस्ट्रेलियाई लोगों की सुरक्षा की चिंता करती तो वे हमें घर लौटने की अनुमति देती। यह एक अपमान है !! प्रधानमंत्री के हाथ खून से रंगे हैं। आप हमारे साथ ऐसा व्यवहार कैसे कर सकते हैं। आपके क्वारंटाइन सिस्टम को क्या हुआ। मुझे आइपीएल में काम करने के लिए सरकार की अनुमति मिली थी, लेकिन मुझे अब सरकारी उपेक्षा झेलनी पड़ रही है।
बता दें कि बीते सप्ताह ऑस्ट्रेलिया ने 15 मई तक भारत से आने वाली विमानों पर रोक लगा दी है। इतना ही नहीं सरकार ने 14 दिन पहले तक भारत में रहने के बाद लौटने वाले अपने नागरिकों को जेल भेजने या जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। प्रतिबंध तोड़ने वालों पर पांच साल जेल या फिर लगभग 51,000 डॉलर (करीब 37 लाख रुपये) जुर्माना लगाने की चेतावनी दी गई है।
यात्रा प्रतिबंध लगने से पहले तीन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी स्वदेश लौट गए थे। फिलहाल 14 ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी लीग में खेल रहे हैं। आइपीएल का आयोजन ऐसे वक्त हो रहा है, जब देश लगातार कई दिनों से तीन लाख से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि, इसका आयोजन बंद दरवाजों के पीछे हो रहा है, लेकिन टूर्नामेंट पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के दो खिलाड़ी और चेन्नई सुपरकिंग्स से जुड़े कुछ सदस्य कोरोना से संक्रमित हो गए हैं।