आइसीसी पंचाट ने किए अविष्का गुणावर्धने के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोप खारिज
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आइसीसी) के स्वतंत्र भ्रष्टाचार-रोधी पंचाट ने सोमवार को श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी अविष्का गुणावर्धने पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से मुक्त कर दिया। पंचाट ने श्रीलंका के ही नुवान जोयसा के खिलाफ एक आरोप (2.4.6) को बरकरार रखा लेकिन अन्य तीन आरोपों को खारिज कर दिया।
दुबई, प्रेट्र। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आइसीसी) के स्वतंत्र भ्रष्टाचार-रोधी पंचाट ने सोमवार को श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी अविष्का गुणावर्धने पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से मुक्त कर दिया, जिससे उन्हें तत्काल प्रभाव से क्रिकेट से संबंधित गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति मिल गई। बता दें कि गुणावर्धने पर अमीरात क्रिकेट बोर्ड के भ्रष्टाचार के दो आरोप लगे थे। पंचाट ने श्रीलंका के ही नुवान जोयसा के खिलाफ एक आरोप (2.4.6) को बरकरार रखा, लेकिन अन्य तीन आरोपों को खारिज कर दिया।
आइसीसी के मुताबिक, 'इस मामले में विस्तृत फैसला इससे जुड़ी पार्टियों को उचित समय पर भेज दिया जाएगा और इसके खिलाफ अपील की जा सकती है।' गुणावर्धने के खिलाफ धारा 2.1.4 के अंतर्गत आरोप लगाया गया था इसमें प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से धारा 2.1 को तोड़ने का प्रविधान है।
गुणावर्धने के खिलाफ धारा 2.4.5 के तहत भी आरोप लगाया गया था
गुणावर्धने के खिलाफ धारा 2.4.5 के तहत भी आरोप लगाया गया था, जिसमें भ्रष्टाचार से जुड़ी कोशिश को एसीयू को बिना देरी किए सूचित करने का प्रविधान है। जोयसा पर मैच के नतीजे और दूसरे पहलुओं को प्रभावित करने के अलावा एसीयू की जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप है। जोयसा को पिछले महीने छह साल के लिए आइसीसी की भ्रष्टाचार रोधी इकाई ने प्रतिबंधित किया था।
अविष्का गुणावर्धने और नुवान जोयसा की करियर पर एक नजर
बता दें कि 43 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज अविष्का गुणावर्धने श्रीलंका के लिए छह टेस्ट की 11 पारियों में 16.45 की औसत से 181 रन बनाए हैं। वहीं 61 वनडे मैचों में उन्होंने 28.47 की औसत से 1708 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और 12 अर्धशतक शामिल है। वहीं बाएं हाथ के तेज गेंदबाज 42 साल के नुवान जोयसा ने 30 टेस्ट में 288 रन बनाए और 64 विकेट लिए। इसके अलावा 95 वनडे मैचों में उन्होंने 343 रन बनाए और 108 विकेट लिए।