Asia Cup से पहले इस पाकिस्तानी ने भारत को ललकारा, बोला दबाव में होगी टीम इंडिया
पिछले साल चैम्पियंस लीग के फाइनल में भारत को पाक से हार का सामना करना पड़ा था।
लाहौर, जेएनएन। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली ने कहा कि आगामी एशिया कप में दबाव चिर प्रतिद्वंद्वी भारत पर होगा क्योंकि पिछले साल उसे चैम्पियंस लीग के फाइनल में पाक से हार का सामना करना पड़ा था।
पिछले साल चैम्पियंस ट्राफी के फाइनल के बाद भारत और पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे के आमने सामने होंगी। फाइनल में हसन ने तीन विकेट झटके थे जिससे पाकिस्तान की टीम 180 रन से जीतने में सफल रही थी। उस खिताबी मुकाबले में हसन अली ने 6.3 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे। अली के इन तीन शिकारों में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी का अहम विकेट भी शामिल था। इसके अलावा अली ने अश्विन और फिर बुमराह का विकेट लेकर पाकिस्तान को चैम्पियंस ट्राफी का चैम्पियन बनाया था।
इस बार पाकिस्तान एशिया कप में दो बार भारत से भिड़ेगा और अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं तो दोनों के बीच तीन बार भिड़ंत होगी।
हसन ने कहा, ‘हम अभी अपने शीर्ष पर हैं। वे (भारत) पिछली हार के बाद दबाव में होंगे।’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ‘संयुक्त अरब अमीरात में परिस्थितियां हमारे अनुकूल हैं, हमें घरेलू स्थितियों का फायदा मिलेगा क्योंकि हम यहां लंबे समय से खेल रहे हैं और हम जानते हैं कि यहां के हालात का इस्तेमाल कैसे किया जाये।’
एशिया कप कार्यक्रम इस प्रकार है :- ग्रुप चरण
15 सितंबर : बांग्लादेश बनाम श्रीलंका (दुबई)
16 सितंबर : पाकिस्तान बनाम हांगकांग(दुबई)
17 सितंबर : श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान (अबु धाबी)
18 सितंबर : भारत बनाम हांगकांग (दुबई)
19 सितंबर : भारत बनाम पाकिस्तान (दुबई)
20 सितंबर : बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान (अबु धाबी)
21 सितंबर : ग्रुप ए विजेता बनाम ग्रुप बी उप विजेता (दुबई), ग्रुप बी विजेता बनाम ग्रुप ए उप विजेता अबु धाबी)
23 सितंबर : ग्रुप ए विजेता बनाम ग्रुप ए उप विजेता (दुबई), ग्रुप बी विजेता बनाम ग्रुप बी उप विजेता (अबु धाबी)
25 सितंबर : ग्रुप ए विजेता बनाम ग्रुप बी विजेता (दुबई)
26 सितंबर : ग्रुप ए उप विजेता बनाम ग्रुप बी उप विजेता (अबु धाबी)
28 सितंबर : फाइनल (दुबई)