Chhattisgarh: सोनिया व राहुल तय करेंगे सिंहदेव का राजनीतिक भविष्य, बघेल बोले-जो भी बात है, बैठकर तय कर लेंगे
Chhattisgarh छत्तीसगढ़ के मंत्री टीएस सिंहदेव ने पंचायत विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जो पत्र लिखा है उसे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने केंद्रीय संगठन को भेज दिया है।
रायपुर, मृगेंद्र पांडेय। छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान के बीच यह तय है कि अब मंत्री टीएस सिंहदेव के राजनीतिक भविष्य का फैसला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी करेंगे। सिंहदेव ने पंचायत विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जो पत्र लिखा है, उसे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने केंद्रीय संगठन को भेज दिया है। कांग्रेस की बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंचे पुनिया ने कहा कि उन्होंने सिंहदेव के पत्र को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) केसी वेणुगोपाल को भेज दिया है। अब केंद्रीय संगठन इस पर फैसला करेगा।
भूपेश बघेल ने कहा, मेरे पास पत्र आएगा तो विचार करूंगा
वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि उनको सिंहदेव का पत्र नहीं मिला है, लेकिन मीडिया के माध्यम से जानकारी पहुंच गई है। रविवार को रायपुर में जैन समाज के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि जो भी बात है, आपस में बैठकर तय कर लेंगे। मेरे पास पत्र आएगा, तो विचार करूंगा। सिंहदेव ने अपने गृह नगर अंबिकापुर से शनिवार शाम को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र भेजा था। इसके बाद बघेल ने उनसे चर्चा करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई। सिंहदेव के पंचायत विभाग को छोड़ने के समय को लेकर सियासी हलके में तरह तरह की चर्चा है।
विधायक दल की बैठक में नहीं पहुंचे सिंहदेव
सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव है। 20 जुलाई से विधानसभा का सत्र शुरू होने वाला है। इन विषयों पर रविवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें सिंहदेव शामिल नहीं हुए। सरगुजा में समर्थकों के साथ आयोजनों में दिखे सिंहदेव ने कहा कि उनका कार्यक्रम पहले से तय था। पंचायत विभाग छोड़ने का विधायक दल की बैठक में शामिल न होने से कोई संबंध नहीं है। सिंहदेव सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव के मतदान में शामिल होंगे। इसके बाद दिल्ली रवाना हो जाएंगे। वहां राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद वे गुजरात पहुंचेंगे। कांग्रेस के केंद्रीय संगठन ने उन्हें गुजरात विधानसभा चुनाव का पर्यवेक्षक बनाया है।
भाजपा को मिला सीएम को घेरेने का मौका
सिंहदेव के पत्र से मिले अवसर को भाजपा छोड़ना नहीं चाहती है। केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने ट्वीट किया कि चिंता न करिए टीएस बाबा जी। सरगुजा आपके साथ हुए एक-एक अपमान का सूद समेत हिसाब लेगा। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कटाक्ष किया कि सिंहदेव आप 114वीं पीढ़ी के राजा हैं। लड़ाई लड़नी है, तो शान से लडि़ए, यह आधी लड़ाई है, आपके पितरों का अपमान होगा। इन सब के बीच भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश भी रायपुर पहुंचे हुए हैं। गौरतलब है कि सिंहदेव सरगुजा राजपरिवार से आते हैं। उनकी माता मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री थी और पिता मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव थे।