Chhattisgarh: शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले का रायपुर में भव्य स्वागत
Chhattisgarh शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले भुवनेश्वर होते हुए शनिवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंची। यहां अर्जुन अवार्डी ग्रैंड मास्टर प्रवीण थिप्से ने टार्च थामा। इस मौके पर इनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर मंत्री उमेश पटेल भी मौजूद रहे।
रायपुर। विश्व शतरंज ओलंपियाड के 44वें सत्र की जिम्मेदारी भारत को सौंपी गई है। शतरंज ओलंपियाड के 95 वर्ष के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब भारत को विश्व शतरंज ओलंपियाड की मेजबानी करने का मौका मिला है। मुख्य आयोजन से पूर्व शतरंज ओलंपियाड की टार्च रिले देशभर में हो रही है। 19 जून से शुरू हुई शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले आगामी 28 जुलाई तक देश के विभिन्न राज्यों में पहुंचेगी। इसी कड़ी में शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले भुवनेश्वर (ओडिशा) से होते हुए शनिवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंची। यहां अर्जुन अवार्डी ग्रैंड मास्टर प्रवीण थिप्से ने टार्च थामा। शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले के स्वागत के लिए रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर खेल व युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल पहुंचे। उन्होंने शतरंज ओलंपियाड का टार्च लेकर पहुंचे ग्रैंड मास्टर थिप्से का पुष्पगुच्छ देकर और राजकीय गमछा पहनाकर स्वागत किया।
वहीं, इस मौके पर खेल व युवा कल्याण विभाग के सचिव नीलम नामदेव एक्का, संचालक खेल व युवा कल्याण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा, उपाध्यक्ष विजय अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य शतरंज एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंघानिया व महासचिव विनोद कुमार राठी मौजूद रहे। वहीं, दो बार शतरंज में ओलंपिक तक पहुंची छत्तीसगढ़ की बेटी वुमन फीडे मास्टर किरण अग्रवाल खासतौर से मौजूद रहीं।
शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले का स्वामी विवेकानंद विमानतल के बाहर ढोल-नगाड़ों की धुनों के बीच पारंपरिक राउत नाचा की प्रस्तुति देकर स्वागत किया गया। वहीं, विमानतल से पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम के लिए शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले विटेंज कार में निकली। इस बीच, रायपुर के तेलीबांधा तालाब के सामने स्कूली बच्चों ने फूलों की वर्षा कर शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले का स्वागत किया। यहां शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले के संग तस्वीरें खिंचाने के लिए बच्चों में भारी उत्साह देखने को मिला। वहीं, शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले के स्वागत का अगला पड़ाव घड़ी चौक रहा, जहां शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले पहुंचते ही पूरे उल्लास के साथ खिलाड़ियों ने पुष्प वर्षा कर टार्च का स्वागत किया।
जब शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम पहुंची तो शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले के स्वागत के लिए पहुंचे बच्चे अलग-अलग देशों के ध्वज थामे दिखे। जहां बच्चों के द्वारा भारत माता की जय और वंदे मातरम् की जयघोष से पूरा आडिटोरियम परिसर गूंजता रहा। आडिटोरियम में अर्जुन अवार्डी ग्रैंड मास्टर प्रवीण थिप्से प्रदेश के प्रतिभाशाली 60 शतरंज खिलाड़ियों के साथ शतरंज बोर्ड पर साइमनटेनियस चेस खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने पर अमृत महोत्सव के मौके पर तमिलनाडु में विश्व शतरंज ओलंपियाड का आयोजन होना है। आगामी 28 जुलाई से 10 अगस्त तक होने वाले इस शतरंज ओलंपियाड में विश्वभर से 188 देशों के करीब दो हजार चुने हुए शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।