अपने पीएफ अकाउंट में जानकारी अपडेट करने के लिए करें ये काम
कई बार ईपीएफ खाते में दी गई जानकारी और आधार कार्ड में दी गई जानकारी से अलग होती है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। प्राइवेट कर्मचारियों की सैलरी का कुछ हिस्सा एम्प्लॉई प्रोविडेंट फंड (ईपीएफ) में जमा होता है। इस पैसे को कर्मचारी आसानी से निकाल सकता है। बस आपका आधार कार्ड इस खाते से लिंक होना चाहिए। लेकिन अगर ईपीएफ खाते में उपलब्ध जानकारी आधार कार्ड की जानकारी से अलग होती है तो ऐसी सूरत में आपके लिए फंड से पैसा निकालना मुश्किलभरा हो सकता है। जब तक आपके आधार कार्ड और ईपीएफ अकाउंट की जानकारियां मेल नहीं खाएंगी तब तक आप उससे पैसा नहीं निकाल पाएंगे। कई लोगों के अकाउंट के साथ ऐसी समस्याएं होती हैं।
सरकार ने कुछ दिन पहले बताया था कि 8.38 करोड़ से ज्यादा अकाउंट में सदस्यों की जन्मतिथि को लेकर गलत जानकारी दी गई है। वहीं 11.07 करोड़ अकाउंट में सदस्यों के पिता का नाम नहीं दिया गया है। अगर आपका अकाउंट इनमें शामिल है या आपके अकाउंट में दी गई जानकारियों में कोई गलतियां हैं तो आप उन्हें घर बैठे-बैठे दूर कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसका तरीका।
अपने अकाउंट से जुड़ी इस गड़बड़ी को दूर करने के लिए आपके पास UAN नंबर और आधार कार्ड होना जरूरी है। इसके बाद आप ईपीएफओ की वेबसाइट पर जाकर जरूरी जानकारी भर दें। अगर आपने पहले से ही आधार कार्ड को इस खाते से जोड़ रखा है तो आपको 'आपका आधार पहले ही वेरिफाई हो चुका है। विवरण को संशोधित नहीं किया जा सकता' का मैसेज मिलेगा। अगर ऐसा होता है तो पहले आधार कार्ड में दी गई अपनी जानकारी को ठीक करवाना होगा।
वहीं अगर ऐसी स्थिति नहीं आती है तो आपके इस बदलाव को सिस्टम में रजिस्टर कर लिया जाएगा। इसके बाद ईपीएफओ इसे आपके नियोक्ता को भेजेगा। औपचारिकताओं के बाद नियोक्ता फिर से इस बदलाव को ईपीएफओ को भेज देगा। इसके बाद आपकी जानकारी अपडेट कर दी जाएगी। यह बात ध्यान रखने वाली है अगर आप अपने अकाउंट में किसी प्रकार का बदलाव करते हैं तो इसकी जानकारी अपने नियोक्ता को जरूर दें।
अगर आप अपने अकाउंट में दी गई जानकारी को ऑफलाइन तरीके से भी अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए आप इससे जुड़ा फॉर्म भरकर EPFO के ऑफिस में भेजना होगा। इसके बाद तय प्रक्रिया को पूरा कर आपका अकाउंट अपडेट कर दिया जाएगा।