सरकार ने घर में गोल्ड रखने पर नहीं लगाई कोई नई बंदिश, खुद परखें कितना शुद्ध है आपका सोना
भारतीय लोगों के घरों में पड़े सोने पर बंदिश लगाने की खबर आज दिन भर चर्चा का विषय रही, लेकिन आपके लिए इस बीच एक बात जान लेना बेहद जरूरी है कि सरकार ने कोई नई बंदिश नहीं लगाई है।
नई दिल्ली: भारतीय लोगों के घरों में पड़े सोने पर बंदिश लगाने की खबर आज दिन भर चर्चा का विषय रही, लेकिन आपके लिए इस बीच एक बात जान लेना बेहद जरूरी है कि सरकार ने कोई नई बंदिश नहीं लगाई है। आपको बता दें कि सरकार की तरफ से दिया गया यह बयान उन अफवाहों पर एक स्पष्टीकरण भर है जिसमें कहा जा रहा था कि सरकार आपके घर पर पड़े सोने पर किसी भी तरह की बंदिश लगाने जा रहा है। यह नियम पहले के जैसा ही है, इसमें कुछ भी नया नहीं है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक विवाहित महिला 500 ग्राम तक सोना, अविवाहित महिलाएं 250 ग्राम सोना और पुरुष 100 ग्राम तक सोना अपने पास रख सकती हैं। अगर आपके पास इससे ज्यादा सोना पाया जाता है तो आप पर कार्रवाई हो सकती है।
घर में सोना रखना हर भारतीय का शौक होता है और उसकी खरीद के दौरान अपने स्तर पर सावधानियां बरतते रहते हैं। लेकिन फिर भी सोने सी जुड़ी धोखेबाजी की खबरें सामने आती रहती हैं। ऐसे में जागरण की टीम यह बता रही है कि कैसे आप खुद ही सोने की शुद्धता के बारे में पता लगा सकते हैं।
हॉलमार्किंग से रहें सावधान:
हॉलमार्किंग से सोना-चांदी की शुद्धता प्रमाणित होती है। हालांकि कई ज्वैलर्स बिना जांच प्रकिया के ही हॉलमार्क लगा देते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि हॉलमार्क ओरिजनल है या नहीं? असली हॉलमार्क पर भारतीय मानक ब्यूरो का तिकोना निशान बना होता है।
हॉलमार्किंग के नीचे लिखी होती है सोने की शुद्धता:
गहनों में हॉलमार्किंग सेंटर के लोगो के साथ सोने की शुद्धता भी लिखी होती है। उसी में ज्वैलरी के निर्माण का वर्ष और उत्पादक का लोगो भी बना होता है। ज्वैलरी में एक अंक लिखा होता है जिसके तहत असली सोने की पहचान की जाती है।
शुद्धता के हिसाब से आभूषणों में ये अंक अंकित होते हैं:
• 24 कैरेट: 99.9
• 23 कैरेट: 95.8
• 22 कैरेट: 91.6
• 21 कैरेट: 87.5
• 18 कैरेट: 75.0
• 17 कैरेट: 70.8
• 14 कैरेट: 58.5
• 9 कैरेट: 37.5
उदाहरण से समझिए कि अगर ज्वैलर ने आपको बताया है कि उसने जो अंगूठी बनाई है वो 22 कैरेट की है, तो उसपर 916 अंक जरूर लिखा होगा। यह अंक मैग्निफाइंग ग्लास से देखा जा सकता है। यह अंक पुष्ट करता है कि आपकी अंगूठी 22 कैरेट की ही है।
22 कैरेट सोने के बनते हैं गहने:
आम तौर पर ज्वैलरी के लिए 22 कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है, क्योंकि24 कैरेट का असली सोना इतना मुलायम होता है कि इसके आभूषण नहीं बनाए जा सकते हैं। 22 कैरेट सोने में 91.66 फीसदी सोना होता है।
ऐसे पहचानिए कितना खरा है आपका सोना:
22 कैरेट: 22 को 24 से भाग देकर उसे 100 से गुणा करें। (22/24)x100= 91.66। यानी आपके आभूषण पर सोने की शुद्धता 91.66 फीसदी है।
18 कैरेट: 18 को 24 से भाग देकर उसे 100 से गुणा करें।(18/24)x100= 75। यानी आपके आभूषण पर सोने की शुद्धता 75 फीसदी है।