विकलांगों को व्हील चेयर तो किसी को मिलती है सस्ती टिकट, जानिए IRCTC की खास सेवाओं के बारे में
इंडियन रेलवे यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के अलावा भी अन्य तरह की सेवाएं उपलब्ध करवाती है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। देश का सबसे बड़ा परिवहन माध्यम यानी इंडियन रेलवे अपने यात्रियों को रोजाना उनके गंतव्य तक पहुंचाने के अलावा ऐसी सेवाएं भी उपलब्ध करवाता है जो कि उनके लिए काफी फायदेमंद हैं। अगर आप रेलवे की ओर से दी जाने वाली तमाम तरह की सेवाओं से अनजान हैं तो आपको हमारी यह खबर जरूर पढ़नी चाहिए। हम अपनी इस खबर में आपको कुछ ऐसी सेवाओं की जानकारी दे रहे हैं जिनके बारे में बेहद कम लोगों को ही जानकारी रहती है।
मिलती है व्हीलचेयर की सुविधा: आमतौर पर ट्रेन से कुछ बुजुर्ग लोगों को भी यात्रा करनी पड़ती है। जिन लोगों के पैर साथ नहीं देते हैं उनके लिए कभी-कभी ट्रेन का सफर मुश्किल हो जाता है। हालांकि अब आईआरसीटीसी ने हाल ही में व्हीलचेयर और एसिसटेंट उपलब्ध कराने की सुविधा शुरू की है। यह खास सुविधा वरिष्ठ नागरिकों और शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के लिए है। आरएसी और वेटिंग टिकट वालों को भी यह सुविधा नि:शुल्क दी जाती है। हालांकि यह सुविधा फिलहाल कुछ ही स्टेशनों पर उपलब्ध है।
ऑनलाइन बुक करा सकते हैं रिटायरिंग रूम: आप आईआरसीटीसी पर ऑनलाइन रिटायरिंग रूम भी बुक करा सकते हैं। आप सिंगल/ डबल एसी या नॉन एसी रूम बुक कर सकते हैं। इसके लिए आपको https://www.irctctourism.com/#/tourpkgs पर जाना होगा।
यात्रियों को लाने और ले जाने के लिए मिलती है कैब की सुविधा: रेल यात्रियों को रेलवे स्टेशन तक आने और वहां से बाहर जाने के लिए आईआरसीटीसी कैब की सुविधा भी उपलब्ध करवाता है। आपको इस तरह की कैब बुक कराने के लिए https://www.irctctourism.com/#/tourpkgs पर जाना होगा।
स्पेशल टूर पैकेज की भी मिलती है सुविधा: https://www.irctctourism.com/#/tourpkgs इस लिंक की मदद से आप सिर्फ कैब ही नहीं बल्कि आप किसी बड़े शहर में घूमने या फिर तीर्थ स्थलों का भ्रमण करने के लिए स्पेशल टूर पैकेज का भी चुनाव कर सकते हैं।
इन लोगों को मिलती है सस्ती टिकट: ऑफलाइन माध्यम से टिकट खरीदने पर विकलांग व्यक्तियों, मरीजों, वरिष्ठ नागरिकों, पुरस्कार विजेता (अवार्डी), शहीदों की विधवाएं, छात्रों, युवाओं, कलाकारों, खिलाड़ियों, मेडिकल प्रोफेशनल्स और अन्य लोगों को सस्ती टिकिटें उपलब्ध कराई जाती है। यह छूट श्रेणी के आधार पर 25 फीसद से 100 फीसद तक होती है। हालांकि अगर ऑनलाइन माध्यम से टिकट बुक कराई जाती है तो इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) पर सिर्फ वरिष्ठ नागरिकों को ही छूट उपलब्ध करवाई जाती है।