GOLD में क्यों करना चाहिए निवेश, जानिए इससे जुड़े पांच बड़े कारण
सोने में निवेश से यह आर्थिक संकट के वक्त काम आता है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। भारत में अगर सोने में निवेश की बात की जाए तो लोग सोने के गहने खरीदना ज्यादा पसंद करते हैं। हालांकि इसके अलावा भी सोने में निवेश के तमाम ऐसे विकल्प हैं जिनमें निवेश कर कोई भी उपभोक्ता अच्छा रिटर्न पा सकता है। कुछ लोग वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करने के लिए भी इसमें निवेश करते हैं। आपको सोना में क्यों निवेश करना चाहिए हम पांच बड़े कारण बता रहे हैं...
महंगाई से बचाव: सोना मुद्रास्फीति के प्रभाव को कम करता है। जब महंगार्इ बढ़ती है तो करेंसी की कीमत घट जाती है। बीते कुछ वर्षों की बात करें तो स्वर्ण का वार्षिक प्रतिलाभ मुद्रास्फीति की तुलना में काफी ज्यादा रहा है। यही कारण है कि लोग सोने को पैसों के रूप में रखते हैं।
पोर्टफोलियो: आर्थिक जानकारों का मानना है कि सोना पोर्टफोलियो को प्रभावशाली बनाने में विविधता प्रदान करता है। ऐसा देखा जाता है कि शेयरों में गिरावट के समय सोने के दाम बढ़ते हैं। जिससे निवेशकों को पोर्टफोलियो बाजार की अस्थिरता से बचने में आसानी हो जाती है।
आर्थिक संकट के समय आता है काम: सोने में निवेश से यह आर्थिक संकट के वक्त काम आता है। पारिवारिक जीवन में भी लोग आर्थिक संकट के समय सोना बेचते या गिरवी रखते हैं।
सुरक्षा का भाव: सोना निवेशकों में सुरक्षा का भाव लाता है। एक तरफ जहां डिजिटल रूप से स्टोर की गर्इ संपत्तियों के साथ हैकिंग और दुरुपयोग होने का खतरा रहता है, सोने के साथ ऐसा नहीं है। हालांकि इसके साथ दूसरे खतरे जुड़े रहते हैं। अगर कोई आर्थिक संकट या भौगोलिक तनाव का वातावरण नहीं हो, तो भी लम्बे समय में सोना से बढ़िया लाभ दिला सकता है।
कभी भी बिक सकता है: सोने के अलावा दूसरे कर्इ निवेश विकल्पों में लॉक-इन पीरियड होता है। जबकि सोने को आप कभी भी बेच सकते हैं। सोने में निवेश को कभी भी भुनाया जा सकता है।