देश का व्यापार घाटा 13.72 अरब डॉलर रहा, निर्यात में हुआ 5.17 फीसद का इजाफा
अप्रैल 2018 में निर्यात की तुलना में देश का आयात अधिक होने की वजह से देश का व्यापार घाटा 13.72 अरब डॉलर रहा है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। इंजीनियरिंग, केमिकल और फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन की बदौलत अप्रैल 2018 में देश का निर्यात 5.17 प्रतिशत बढ़कर 25.91 अरब डॉलर हो गया है। चालू वित्त वर्ष के पहले महीने आयात 4.60 प्रतिशत वृद्धि के साथ 39.63 अरब डॉलर रहा है। अप्रैल 2018 में निर्यात की तुलना में देश का आयात अधिक होने की वजह से देश का व्यापार घाटा 13.72 अरब डॉलर रहा है।
वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार अप्रैल में तेल आयात 10.41 अरब डॉलर रहा जो पिछले साल समान महीने की तुलना में 41.5 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में तेल को छोड़कर अन्य वस्तुओं के आयात में 4.3 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 29.21 अरब डॉलर रहा। मंत्रालय के अनुसार अप्रैल में इंजीनियरिंग क्षेत्र के निर्यात में 17.63 प्रतिशत, केमिकल निर्यात में 38.48 प्रतिशत और फार्मास्यूटिकल्स के निर्यात में 13.56 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
हालांकि पेट्रोलियम उत्पाद, कारपेट, जेम्स एंड ज्वैलरी और लौह अयस्क के निर्यात में गिरावट आयी है। सोने के आयात में भी 33 प्रतिशत की गिरावट आई है और यह 2.58 अरब डॉलर रहा है।
उल्लेखनीय है कि मार्च 2018 में निर्यात में 0.66 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी थी। हालांकि वित्त वर्ष 2017-18 में निर्यात में 9.78 प्रतिशत वृद्धि हुई थी। अप्रैल के निर्यात आंकड़ों पर टिप्पणी करते हुए फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाइजेशन (फियो) के प्रेसिडेंट गणोश कुमार गुप्ता ने कहा है कि सभी श्रम आधारित उद्योगों के निर्यात में कमी चिंताजनक है।