Farmer Budget 2022: निर्मला सीतारमण का ऐलान, '163 लाख किसानों को देंगे 2.37 लाख करोड़ रुपये की MSP'
Budget 2022-23 For Farmers निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में कहा कि रबी सीजन 2021-22 में गेहूं की खरीद और खरीफ सीजन 2021-22 में धान की अनुमानित खरीद में 1208 लाख मीट्रिक टन गेहूं और धान शामिल हो सकती है।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने अपने कार्यकाल में लगातार चौथा आम बजट (Aam Budget 2022) पेश किया। मोदी सरकार (Modi Government) की ओर से पेश किया जाने वाला यह 10वां बजट था। बजट में किसानों को लेकर कई ऐलान (Farmer Budget 2022) किए गए हैं। बजट में किसानों की स्थिति को और मजबूत करने के उद्देश्य की झलक दिखी।
किसानों को क्या मिलेगा?
सरकार को उम्मीद है कि 2021-22 में करीब 2.37 लाख करोड़ रुपये की MSP किसानों को दी जा सकती है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में कहा कि रबी सीजन 2021-22 में गेहूं की खरीद और खरीफ सीजन 2021-22 में धान की अनुमानित खरीद में 163 लाख किसानों से 1208 लाख मीट्रिक टन गेहूं और धान कवर किया जाएगा। इसके लिए 2.37 लाख करोड़ रुपये की अनुमानित एमएसपी राशि का सीधा भुगतान किया जाएगा।
क्या उम्मीदें थीं?
बजट को लेकर पहले उम्मीदें लगाई जा रही थीं कि किसान (Farmers) और खेती (Agriculture) क्षेत्र को बढ़ाने के लिए सरकार कृषि ऋण लक्ष्य बढ़ा सकती है। समाचार एजेंसी पीटीआइ ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट किया था कि कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार बजट में कृषि ऋण लक्ष्य को बढ़ाकर लगभग 18 लाख करोड़ रुपये कर सकती है। चालू वित्त वर्ष के लिए सरकार का कृषि ऋण लक्ष्य 16.5 लाख करोड़ रुपये का है। लेकिन, इस दिशा में कुछ खास नजर नहीं आया है।
Jagran.com ने चलाया था पोल
इसी बीच Jagran.com ने आम लोगों की राय के लिए एक पोल चलाया था, जिसमें सवाल पूछा गया था- "आम बजट 2022 में किसानों और खेती के लिए सबसे अहम क्या होगा?"। इसपर प्रतिक्रिया के लिए लोगों को चार विकल्प- किसानों की आय, कृषि क्षेत्र का विकास, उन्नत खेती को प्रोत्साहन और एमएसपी में इजाफा दिए गए थे। सबसे ज्यादा 37.72 फीसदी लोगों ने पहले विकल्प "किसानों की आय" को चुना था। उनका मानना था कि बजट 2022-23 में किसानों की आय को सबसे ज्यादा अहमियत मिलनी चाहिए।