गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 80 अंक टूटा, निफ्टी 18,000 के करीब हुआ बंद
वहीं NSE का निफ्टी 27.05 अंक टूटकर 18017.20 के स्तर पर बंद हुआ। आज बाजार खुलने के साथ ही सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। सेंसेक्स 422 अंकों की गिरावट के साथ खुला था और निफ्टी 96.80 अंक कम होकर खुला था।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। शेयर बाजार में बुधवार को भी गिरावट का दौर रहा, कारोबार के अंत में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों नुकसान पर बंद हुए। BSE के 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 80.63 अंक की गिरावट के साथ 60,352.82 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं NSE का निफ्टी 27.05 अंक टूटकर 18,017.20 के स्तर पर बंद हुआ। आज बाजार खुलने के साथ ही सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। सेंसेक्स 422 अंकों की गिरावट के साथ खुला था और निफ्टी 96.80 अंक कम होकर खुला था। मंगलवार को भी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। दिन भर कारोबार में चले उतार-चढ़ाव के बाद BSE सेंसेक्स 112.16 अंक टूटकर 60433.45 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी भी मामूली रूपये से 24.30 अंक फिसलकर 18844 के स्तर पर बंद हुआ था।
HDFC बैंक, ICICI बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में गिरावट से बुधवार को सेंसेक्स टूट गया। वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख से भी कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।
सेंसेक्स में इंडसइंड बैंक का शेयर सबसे अधिक तीन फीसद टूट गया। टाटा स्टील, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, टाइटन और एसबीआई के शेयरों में भी गिरावट आई। वहीं भारती एयरटेल, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, सन फार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईटीसी के शेयर लाभ में रहे।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च प्रमुख विनोद नायर ने कहा, 'कमजोर शुरुआत और वैश्विक बाजारों में मुद्रास्फीति की चिंता के बीच व्यापक रूप से घरेलू बाजार कमजोर रुख के साथ खुलने के बाद लगातार नकारात्मक दायरे में रहे।'
उन्होंने कहा कि शेयर-दर-शेयर आधार पर बाजार में मिलाजुला रुख देखा गया। चीन की उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति सालाना आधार पर 1.5 प्रतिशत बढ़ी है। वहीं उत्पादक मूल्य सूचकांक में 13.5 फीसद की वृद्धि हुई है। नायर ने कहा कि वैश्विक निवेशकों को अमेरिका की मुद्रास्फीति के आंकड़ों का इंतजार है।
अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक नुकसान में रहे।