RBI द्वारा रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं करने से स्थिर बना हुआ है शेयर बाजार
RBI Monetary Policy नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी आज करीब 28 अंकों की बढ़ोत्तरी के साथ 12071.25 पर खुला है। खबर लिखने तक यह अधिकतम 12079.50 अंकों तक गया।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। आरबीआई द्वारा इस वित्त वर्ष की छठी द्विमासिक समीक्षा बैठक में रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे शेयर मार्केट में थोड़ी गिरावट देखी गई है। सेंसेक्स 11 बजकर 53 मिनट पर 49.59 अंक की गिरावट के साथ 40,800.70 पर और निफ्टी 29.85 अंक की गिरावट के साथ 12,013 पर कारोबार कर रहा था। इससे पहले एक्सपर्ट्स द्वारा रेपो रेट में 0.25 फीसद की कटौती की उम्मीद के चलते शेयर मार्केट में गुरुवार सुबह बढ़त देखने को मिल रही थी।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 11 बजकर 22 मिनट पर 0.25 फीसद की बढ़त के साथ 12,071.05 अंक पर और सेंसेक्स 0.30 फीसद की बढ़त के साथ 40,971.08 अंक पर कारोबार कर रहा था। गौरतलब है कि अक्टूबर महीने में पिछले रेट कट के दौरान निफ्टी में 7.7 फीसद और सेंसेक्स में 8.43 फीसद की बढ़ोत्तरी देखी गई थी।
शेयर बाजार आज गुरुवार को अच्छी-खासी बढ़त के साथ खुला है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज करीब 138 अंकों की बढ़त के साथ 40,988.14 पर खुला है। बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स 11 बजकर 22 मिनट तक अधिकतम 41,002.41 अंकों तक गया। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी आज करीब 28 अंकों की बढ़ोत्तरी के साथ 12,071.25 पर खुला है। खबर लिखने तक यह अधिकतम 12,081.20 अंकों तक गया।
सेंसेक्स गुरुवार को 9 बजकर 34 मिनट पर 24.95 अंकों की बढ़त के साथ 40,875.24 पर कारोबार कर रहा था और निफ्टी 13.75 अंकों की बढ़त के साथ 12,056.95 पर कारोबार कर रहा था। इस समय पर निफ्टी की 50 कंपनियों में से 24 कंपनियों के शेयर हरे निशान और 26 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर कारोबार करते दिखे।
इन शेयरों में दिखी तेजी
शुरुआती कारोबार में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी की 50 कंपनियों के शेयरों में से सबसे ज्यादा तेजी Zee Entertainment Enterprises Limited, TITAN, UltraTech Cement, HERO MOTOCO और ITC कंपनियों के शेयरों में दिखाई दी है।
इन शेयरों में दिखी गिरावट
शुरुआती कारोबार में निफ्टी 50 में शामिल कंपनियों में से HCL Technologies, Bharti Airtel, SUN PHARMA, COAL INDIA और JSW Steel कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दिखाई दी है।
भारतीय रुपया और क्रूड ऑयल
भारतीय रुपया आज गुरुवार को बढ़त के साथ खुला है। रुपया आज एक डॉलर के मुकाबले 5 पैसे की बढ़त के साथ 71.48 पर खुला है। गौरतलब है कि बुधवार को भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 71.53 पर बंद हुआ था। वहीं, गुरुवार सुबह क्रूड ऑयल WTI का फ्यूचर भाव 0.39 फीसद की गिरावट के साथ 58.20 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेंड कर रहा था और ब्रेंट ऑयल का फ्यूचर भाव 0.14 फीसद की गिरावट के साथ 62.91 डॉ़लर प्रति बैरल पर ट्रेंड कर रहा था।