अनिल अंबानी के रिलायंस जनरल इंश्योरेंस का IPO टला, कंपनी ने वापस लिए ऑफर डॉक्यूमेंट्स
रिलायंस जनरल इंश्योरेंस आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के जरिये 200 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करने वाली थी।
नई दिल्ली, पीटीआइ। अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस ग्रुप की कंपनी रिलायंस जनरल इंश्योरेंस ने प्रस्तावित IPO की योजना को वापस ले लिया है। रिलायंस जनरल इंश्योरेंस आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के जरिये 200 करोड़ रुपये के नये शेयरों की बिक्री की जानी थी। साथ ही रिलायंस कैपिटल के 79,489,821 शेयर ऑफर फॉर सेल के जरिये बेचे जाने थे।
बाजार नियामक Sebi को रिलायंस जनरल इंश्योरेंस के प्रस्तावित आईपीओ का ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉसपेक्टस इस निर्गम के लीड मैनेजर मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स के जरिये 8 फरवरी को मिला था।
Sebi के अनुसार, आईपीओ के ड्राफ्ट ऑफर डॉक्यूमेंट्स लीड मैनेजर मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स द्वारा वापस ले लिए गए हैं। इस संदर्भ में मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स 24 अक्टूबर 2019 को ईमेल किया था। हालांकि, सेबी ने ऑफर डॉक्यूमेंट्स वापस लेने की वजह का खुलासा नहीं किया है।
कोई भी कंपनी जो आईपीओ जैसे माध्यम से फंड जुटाना चाहती है उसे सबसे पहले सेबी से इसकी अनुमति लेनी होती है।
अक्टूबर 2017 में रिलायंस जनरल इंश्योरेंस ने अपने आईपीओ के दस्तावेजों के साथ सेबी से संपर्क किया था और नियामक ने नवंबर 2017 में इसकी मंजूरी भी दे दी थी।
हालांकि, प्राथमिक बाजार में आईपीओ के प्रति निवेशकों की उदासीनता और शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव जैसी परिस्थितियों के कारण इस बीमा कंपनी ने अपनी योजना टाल दी है।