PVR Cinema ने लॉन्च किया दिल्ली का सबसे बड़ा 12 स्क्रीन वाला सुपरप्लेक्स, जानिए क्या हैं खासियत
यहां एक बच्चों के लिए स्पेशल ऑडिटोरियम भी है। इस सुपरप्लेक्स के 9 ऑडिटोरियम में डॉल्बी 7.1 साउंड सिस्टम है और बाकी में डॉल्बी एटमॉस साउंड सिस्टम दिया गया है। PC Pixabay
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। आलीशान सुपरप्लेक्स में मूवी देखने के शौकीन लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। मूवी एग्जीबिशन चेन पीवीआर ने दिल्ली के सबसे बड़े सुपरप्लेक्स की लॉन्चिंग की है। पीवीआर सिनेमा ने दिल्ली के डेवलपिंग द्वारका एरिया में स्थित वेगस मॉल में 12 स्क्रीन का सुपरप्लेक्स लॉन्च किया है। इस सुपरप्लेक्स में कुल 1850 सीटें हैं। यह राजधानी क्षेत्र में चेन की सबसे बड़ी प्रॉपर्टी है। हालांकि, स्क्रीन की संख्या के लिहाज से देखें, तो यह दूसरे नंबर पर आता है। नोएडा के लॉजिक्स थियेटर में सबसे ज्यादा स्क्रीन लगी हैं।
पीवीआर सिनेमा ने इस आलीशान सुपरप्लेक्स पर कुल 70 करोड़ रुपये का खर्चा आया है। इस सुपरप्लेक्स में एक आईमैक्स स्क्रीन, एक 4डीएक्स स्क्रीन और दो प्रीमियम ल्यूक्स ऑडिटोरियम हैं। यहां सात मेनस्ट्रीम ऑडिटोरियम हैं और एक बच्चों के लिए स्पेशल ऑडिटोरियम भी है। इस सुपरप्लेक्स के 9 ऑडिटोरियम में डॉल्बी 7.1 साउंड सिस्टम है और बाकी में डॉल्बी एटमॉस साउंड सिस्टम दिया गया है।
पीवीआर के इस सबसे बड़े सुपरप्लेक्स के छह ऑडिटोरियम में नेक्सजेन 3D UHD स्क्रीन है। दर्शकों को सिनेमा का लग्जीरियस अनुभव प्राप्त हो, इसके लिए सुपरप्लेक्स के सभी ऑडिटोरियम में रेक्लाइनर्स भी हैं। इस सुपरप्लेक्स के साथ अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पीवीआर सिनेमा के कुल 16 मल्टीप्लेक्स हो गए हैं, जिनमें 62 स्क्रीन हैं। पूरे उत्तर भारत की बात करें, तो अब पीवीआर के पास 244 स्क्रीन के साथ कुल 56 मल्टीप्लेक्स हो गए हैं।
इस मौके पर पीवीआर सिनेमा के सीईओ गौतम दत्ता ने कहा, 'द्वारका एशिया की सबसे बड़ी टॉउनशिप में से एक है। यहां पर ढेरों डबल इनकम कपल हैं, लेकिन अब तक कोई मल्टीप्लेक्स नहीं था। लोगों को फिल्म देखने के लिए पश्चिमी दिल्ली या गुरुग्राम तक जाना पड़ता था पर अब उन्हें यहीं एक शानदार मल्टीप्लेक्स मिल गया है।' साथ ही दत्ता ने कहा कि वित्त वर्ष 2019-20 में 800 स्कीन के लक्ष्य तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की है और उत्तरोत्तर विकास जारी है।