युगांडा में बोले पीएम नरेंद्र मोदी, विश्व में मैन्युफैक्चरिंग और स्टार्टअप हब के रुप में उभर रहा है भारत
युगांडा में पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय स्टील का उपयोग करके आज भारत में रेल ट्रैक, मेट्रो ट्रेन कोच, और उपग्रहों का निर्माण किया जा रहा है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। भारत वैश्विक रुप से मैन्युफैक्चरिंग और स्टार्टअप हब के रुप में उभर रहा है और अधिकांश मेड इन इंडिया उत्पाद जिसमें कार एवं मोबाइल फोन भी शामिल हैं का आज उन देशों में निर्यात हो रहा है जिनसे भारत आयात किया करता था। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युगांडा में कही है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री सोमवार से पांच दिवसीय अफ्रीका महाद्वीप के तीन देशों के दौरे पर हैं और बीते दिन वो युगांडा पहुंच गए थे।
युगांडा की राजधानी में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय स्टील का उपयोग करके आज भारत में रेल ट्रैक, मेट्रो ट्रेन कोच, और उपग्रहों का निर्माण किया जा रहा है। पीएम मोदी ने यहां पर कहा, “भारत मैन्युफैक्चरिंग हब बनता जा रहा है।” उन्होंने यह बात भारतीय समुदाय के लोगों से संबोधन के लिए आयोजित एक समारोह के दौरान कही जिसमें युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी भी मौजूद रहे।
इसका उल्लेख करते हुए कि सैमसंग ने उत्तर प्रदेश (भारत) के भीतर दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना की है, पीएम मोदी ने कहा “यह संभव है कि जब आप युगांडा में अगली बार स्मार्टफोन खरीदें तो आपको मेड इन इंडिया वाला प्रोडक्ट मिले। मेक इन इंडिया आज भारत में हालमार्क बन गया है, हमारे अधिकांश प्रोडक्ट्स, जैसे कि कार और स्मार्टफोन का आज उन देशों में निर्यात हो रहा है जिनसे कभी भारत आयात किया करता था।” उन्होंने कहा कि बीते 4 वर्षों में भारत के भीतर करीब 11,000 स्टार्टअप रजिस्टर्ड हुए हैं।