Happiest Minds IPO को मिला बंपर समर्थन, बोली के अंतिम दिन तक 126 गुना किया गया सब्सक्राइब
Happiest Minds IPO इस 702 करोड़ के आइपीओ में 23259550 शेयर के कुल इश्यू साइज की तुलना में 2934184140 शेयरों के लिए बोली प्राप्त हुई। PC Pixabay
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। आईटी सेवा क्षेत्र की कंपनी हैपिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजी (Happiest Minds Technologies) के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) को बंपर समर्थन मिला है। कंपनी का आईपीओ बुधवार को बोली लगाने के अंतिम दिन तक 126.15 गुना सब्सक्राइब हो चुका था। इस 702 करोड़ के आइपीओ में 2,32,59,550 शेयर के कुल इश्यू साइज की तुलना में 2,93,41,84,140 शेयरों के लिए बोली प्राप्त हुई। ये आंकड़े बुधवार दोपहर 3:30 बजे के हैं।
इस आइपीओ के लिए प्राइस बैंड 165 से 166 रुपये प्रति इक्विटी शेयर था। इस आईपीओ में एक लॉट 90 शेयरों का था। इस इश्यू में 66.2 लाख ताजा शेयर थे और प्रमोटर्स द्वारा अपनी हिस्सेदारी से 3,56,63,585 शेयर बेचने के लिए रखे गए थे। इसमें से कंपनी के प्रमोटर अशोक सूता के 84,14,223 शेयर थे और जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट कंपनी की इकाई एमसीडीबी II के 2,72,49,362 शेयर थे। इस आइपीओ का प्रबंधन आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और नोमुरा फाइनेंशियल एडवाइजरी एंड सर्विसेज द्वारा किया गया।
यहां आपको बता दें कि हैपिएस्ट माइंट टेक्नोलॉजी लिमिटेड (HTML) एक प्रमुख नेक्स्ट जनरेशन डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन कंपनी है। इसकी स्थापना अप्रैल 2011 में अशोक सूता ने थी। बेंगलुरु मुख्यालय वाली यह कंपनी डिजिटल बिजनेस सर्विसेज, प्रोडक्ट इंजीनियरिंग सर्विसेज, इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट व सुरक्षा सेवाओं की पेशकश करती है। कंपनी को 97 फीसद राजस्व आईटी सेवाओं से प्राप्त होता है।
कंपनी कई बिजनेस वर्टिकल्स चलाती हैं। इनमें से सबसे अधिक योगदान Edutech (FY20 में 21%), Hitech (21%), BFSI (18%) और TME (ट्रेवल, मीडिया, एंटरटेनमेंट) से (17%) आता है। आइपीओ से पहले आईटी सेवा कंपनी हैपिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजी ने सिंगापुर सरकार, गोल्डमैन और कुवैत इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी सहित एंकर इन्वेस्टर्स से 316 करोड़ रुपये जुटाए थे।