भारत दुनिया का छठा सबसे धनी देश, जाने टॉप 5 में कौन-कौन शामिल
अगर टॉप 5 अमीर देशों की बात करें तो अमेरिका 62,584 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। 8,230 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ भारत दुनिया का छठा अमीर देश है, जबकि वैश्विक स्तर पर अमेरिका को सबसे अमीर देश का रुतबा हासिल हुआ है। यह जानकारी अफ्रएशिया बैंक ग्लोबल वैल्थ माइग्रेशन रिव्यू के जरिए सामने आई है। इसमें किसी देश के हर व्यक्ति की कुल निजी संपत्ति को आधार माना गया है। इसमें उनकी सभी संपत्तियों (संपत्ति, नकद, इक्विटी, व्यवसायिक हित) को शामिल किया गया हैं।
टॉप 5 में कौन कौन से देश शामिल?
अगर टॉप 5 अमीर देशों की बात करें तो अमेरिका 62,584 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज है। इसके बाद 24,803 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चीन दूसरे और 19,522 अरब डॉलर के साथ जापान तीसरे स्थान पर है। इसके बाद चौथे नंबर पर ब्रिटेन आता है जिसकी कुल संपत्ति 9,919 अरब डॉलर है, पांचवें नंबर पर जर्मनी को जगह मिली है जिसकी कुल संपत्ति 9,660 अरब डॉलर है।
इस रिव्यू में छठा नंबर भारत को हासिल हुआ है जिसकी कुल संपत्ति 8,230 अरब डॉलर की है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया 6,142 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ सातवें, कनाडा 6,393 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ आठवें, फ्रांस 6,649 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ नवें और इटली 4,276 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ दसवें स्थान पर आया है।
रिपोर्ट में और क्या कहा गया?
बैंक रिव्यू के मुताबिक भारत में संपत्ति सृजन के कारणों में उद्यमियों की काफी संख्या, अच्छी शिक्षा प्रणाली, सूचना प्रौद्योगिकी का शानदार परिदृश्य, कारोबारी प्रक्रिया की आउटसोर्सिंग, रियल एस्टेट, हेलथकेयर और मीडिया क्षेत्र शामिल है, जिसने बीते 10 वर्षों में संपत्तियों में 200 गुना तक का इजाफा दर्ज कराया है।