ग्लोबल सप्लाई चेन बनाने के लिए करीब आ रहे हैं भरोसेमंद देश : गोयल
कोरोना की वजह से दुनिया के अधिकतर देशों के बीच चीन की छवि को धक्का लगा है। जापान और अमेरिका तो अपनी कंपनियों को चीन छोड़ने के लिए कह रहे हैं।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। ब्रिक्स देशों के व्यापार मंत्रियों की बैठक में वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि एक-दूसरे पर विश्वास करने वाले देश वैश्विक सप्लाई चेन बनाने के लिए करीब आ रहे हैं। ये देश मैन्यूफैक्चरिंग और सेवा क्षेत्र में निवेश करके वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूत करने की तैयारी कर रहे हैं।
गुरुवार को ब्राजील, रूस, इंडिया, चीन और साउथ अफ्रीका (ब्रिक्स) के व्यापार मंत्रियों की बैठक में चीन के वाणिज्य मंत्री झोंग शान भी मौजूद थे।गोयल ने कहा कि कोविड के बाद के काल में व्यापार की रिकवरी के लिए सभी पार्टनर देश को भरोसे के लायक एवं पारदर्शी बनना होगा। उन्होंने कहा कि विश्वास और पारदर्शिता के आधार पर वैश्विक सप्लाई चेन का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि सभी देशों को वैश्विक व्यापार नियमों का पालन करना होगा और उसके प्रति प्रतिबद्धता दिखाने पर वैश्विक सप्लाई चेन जारी रह सकती है।
उन्होंने कहा कि वह सभी देशों को व्यापार में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए जोर नहीं दे सकते हैं। कोरोना काल के दौरान दुनिया के कई देश चीन के अलावा अन्य सप्लाई चेन स्थापित करने की जरूरत महसूस कर रहे हैं। अमेरिका व यूरोप के कई देश इन दिनों भारत के साथ इस दिशा में मंथन कर रहे हैं। कोरोना की वजह से दुनिया के अधिकतर देशों के बीच चीन की छवि को धक्का लगा है। जापान और अमेरिका तो अपनी कंपनियों को चीन छोड़ने के लिए कह रहे हैं।