जो टैक्स भरना चाहते हैं, उनकी मदद करें अधिकारी : सीतारमण
वित्त मंत्री ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि करदाताओं को नियमानुसार पूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय राजस्व सेवा (सीमा शुल्क और केंद्रीय उत्पाद शुल्क) के अधिकारियों का आह्वान किया है कि जो व्यक्ति ईमानदारी से टैक्स का भुगतान करना चाहते हैं, उनकी पूरी मदद करें। इसके साथ ही वे अधिक से अधिक लोगों को टैक्स भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित करें। वित्त मंत्री ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि करदाताओं को नियमानुसार पूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
वित्त मंत्री ने कहा कि अब नए भारत का निर्माण हो रहा है। देश के कुल राजस्व में 50 फीसद का योगदान करदाताओं का है। उन्होंने कहा कि अगर किसी करदाता से कुछ गलत हो जाता है, तो अधिकारी कानून के तहत प्रदत्त अधिकारो के साथ-साथ मौके पर अपने विवेक का भी इस्तेमाल करें, ताकि करदाता हतोत्साहित न हों। सीतारमण ने अधिकारियों में महिलाओं की अच्छी संख्या पर भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं की बढ़ती संख्या देख कर मुझे खुशी हो रही है। यह आग्रह भी है कि अधिक से अधिक महिलाएं इस क्षेत्र में आगे आएं।
उन्होंने अधिकारियों को समर्पित भाव व ईमानदारी से देश के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इससे पहले केंद्रीय वित्त मंत्री ने मार्च पास्ट की सलामी ली और राष्ट्रध्वज फहराया। इसके बाद पा¨सग आउट परेड का निरीक्षण किया। वित्त मंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र व पदक से सम्मानित किया।