अरुण जेटली ने फेसबुक पेज पर की अधिया की तारीफ, बताया 30 नवंबर को होंगे रिटायर
अरुण जेटली ने अपनी फेसबुक पोस्ट पर अधिया के रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए बताया कि सरकार चाहती थी कि उनके कार्यकाल को विस्तार दिया जाए लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। केंद्र सरकार ने वित्त सचिव हसमुख अधिया के कार्यकाल के विस्तार से जुड़ी तमाम अटकलों को विराम देते हुए स्पष्ट किया कि वो 30 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं। अधिया गुजरात कैडर के आईएएस ऑफिसर हैं जो देश में नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के दौरान बतौर वित्त सचिव अहम जिम्मेदारी निभा रहे थे।
अधिया इस महीने 60 वर्ष के होने जा रहे हैं। वो वित्त मंत्रालय में चार वर्षों से और आखिरी तीन वर्षों से बतौर राजस्व सचिव वो अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बीते अनुभवों को देखते हुए अधिया के कार्यकाल को विस्तार मिलने की उम्मीद थी, क्योंकि बजट की तैयारियों के नजदीक अगर किसी मंत्रालय के सचिव का कार्यकाल खत्म हो रहा होता है तो उसके कार्यकाल को आमतौर पर विस्तार मिलने का प्रचलन है।
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने अपनी फेसबुक पोस्ट पर अधिया के रिटायरमेंट की घोषणा करते हुए बताया कि सरकार चाहती थी कि उनके कार्यकाल को विस्तार दिया जाए लेकिन उन्होंने (अधिया) ऐसा करने से इनकार कर दिया। जेटली ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा, "उन्होंने (अधिया) ने मुझे इस वर्ष की शुरुआत में ही सूचना दी थी कि वो 30 नवंबर के बाद अपनी सेवाएं नहीं देना चाहते हैं। रिटायरमेंट के बाद उनका पूरा समय उनके पैशन (आध्यात्म और योगा) और उनके बेटे के लिए होगा।"
अधिया को रिटायरमेंट के बाद के जीवन की शुभकामनाएं देते हुए जेटली ने तमाम तरह के सुधारों के लिए उनके योगदान को सराहा, जिनमें वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का सफल क्रियान्वयन और टैक्स फाइलिंग प्रोसेस को ऑनलाइन करना प्रमुख रुप से शामिल है। वहीं अधिया ने कई ट्वीट कर मार्गदर्शन के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेटली को आभार व्यक्त किया।