Gold Rate on 26 June: सोने के भाव में आया उछाल, चांदी भी चमकी, जानिए क्या हो गई कीमतें
Gold Rate on 26 June चांदी में शुक्रवार को 845 रुपये प्रति किलोग्राम का उछाल आया है। इस उछाल से चांदी की कीमत 49300 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। सोने-चांदी की घरेलू हाजिर कीमतों में शुक्रवार को बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को सोने के भाव में 239 रुपये प्रति 10 ग्राम का इजाफा हुआ है। इस तेजी के साथ दिल्ली में सोने का भाव 49,058 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार, वैश्विक कीमतों में उछाल के कारण घरेलू हाजिर कीमतों में तेजी दर्ज की गई है। गौरतलब है कि पिछले सत्र में गुरुवार को सोना 48,819 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्युरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी) तपन पटेल के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार को 24 कैरेट सोने का हाजिर भाव भी 239 रुपये की बढ़त के साथ ट्रेंड करता दिखा।
घरेलू सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने के साथ ही चांदी की हाजिर कीमतों में भी उछाल आया है। चांदी में शुक्रवार को 845 रुपये प्रति किलोग्राम का उछाल आया है। इस उछाल से चांदी की कीमत 49,300 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। गौरतलब है कि चांदी पिछले सत्र में 48,455 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।
वैश्विक बाजार की बात करें, तो शुक्रवार शाम सोने की वायदा कीमत में बढ़त और हाजिर कीमत में गिरावट देखी गई। ब्लूमबर्ग के अनुसार, शुक्रवार शाम कॉमेक्स पर सोने का वैश्विक वायदा भाव 0.01 फीसद या 0.20 डॉलर की बढ़त के साथ 1,770.80 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रहा था। इसके अलावा सोने का वैश्विक हाजिर भाव इस समय 0.25 फीसद या 4.43 डॉलर की गिरावट के साथ 1,759.36 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रहा था।
वहीं, शुक्रवार शाम चांदी की वैश्विक वायदा कीमत में बढ़त और वैश्विक हाजिर कीमत में गिरावट देखने को मिली। कॉमेक्स पर चांदी का वैश्विक वायदा भाव शुक्रवार शाम 0.22 फीसद या 0.04 डॉलर की बढ़त के साथ 18.09 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी का हाजिर भाव 0.20 फीसद या 0.04 डॉलर की गिरावट के साथ 17.77 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रहा था।