Gold Rate on 20 July: सोने के हाजिर भाव में गिरावट, चांदी भी टूटी, जानिए क्या रह गई हैं कीमतें
Gold Rate on 20 July एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार कमजोर वैश्विक रुख के चलते सोने के भाव में यह गिरावट दर्ज की गई है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। सोने के भाव में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई है। घरेलू सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने के हाजिर भाव में 31 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को सोने का भाव इस गिरावट के साथ 49,916 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। सिक्युरिटीज के अनुसार, कमजोर वैश्विक रुख के चलते सोने के भाव में यह गिरावट दर्ज की गई है। गौरतलब है कि इससे पिछले सत्र में सोना 49,947 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
सोने के साथ ही चांदी के हाजिर भाव में भी सोमवार को गिरावट दर्ज की गई है। घरेलू सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी के हाजिर भाव में 51 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट से चांदी का भाव 53,948 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है। गौरतलब है कि इससे पिछले सत्र में चांदी 53,999 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।
वैश्विक स्तर की बात करें, तो सोमवार शाम सोने का वैश्विक वायदा भाव कॉमेक्स पर 0.33 फीसद या 6 डॉलर की बढ़त के साथ 1816 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रहा था। इसके अलावा सोने का वैश्विक हाजिर भाव इस समय 0.24 फीसद या 4.39 डॉलर की बढ़त के साथ 1814.81 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रहा था।
चांदी के वैश्विक भाव की बात करें, तो सोमवार शाम कॉमेक्स पर चांदी का वैश्विक वायदा भाव 1.02 फीसद या 0.20 डॉलर की बढ़त के साथ 19.97 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड करता दिखा। वहीं, चांदी का वैश्विक हाजिर भाव इस समय 1.11 फीसद या 0.21 डॉलर की बढ़त के साथ 19.54 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रहा था।