Gold Rate on 13 Feb: सोने की कीमतों में आई तेजी, जानिए कहां पहुंच गया भाव
Gold Rate on 13 Feb एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार सकारात्मक वैश्विक रुख और रुपये में गिरावट के चलते भाव में यह उछाल दर्ज किया गया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। सोने के भाव में आज गुरुवार को इजाफा दर्ज किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने में गुरुवार को 266 रुपये का उछाल आया है। इस उछाल से सोने का भाव 41,484 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार, सकारात्मक वैश्विक रुख और रुपये में गिरावट के चलते भाव में यह उछाल दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि सोना पिछले सत्र में बुधवार को 41,218 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्युरिटी के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी) तपन पटेल के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को 24 कैरेट सोने के भाव में भी 266 रुपये का उछाल दर्ज किया गया है। पटेल ने बताया कि रुपये में गिरावट और सोने की वैश्विक कीमतों में रिकवरी के चलते घरेलू स्तर पर सोने के भाव में यह उछाल दर्ज किया गया है।
पटेल ने बताया कि हाजिर रुपया गुरुवार को एक डॉलर के मुकाबले 10 पैसे कमजोर होकर ट्रेंड कर रहा था। भारतीय रुपया आज शुरुआती कारोबार में एक डॉलर के मुकाबले 9 पैसे की गिरावट के साथ 71.42 पर ट्रेंड कर रहा था। रुपया आज गिरावट के साथ ही खुला था।
वहीं, चांदी की कीमत में आज गिरावट देखने को मिली है। चांदी में गुरुवार को 55 रुपये की गिरावट आई है। इससे चांदी का भाव आज 46,630 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ। गौरतलब है कि चांदी बुधवार को 46,685 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का कारोबारियों की लिावली में गिरावट के चलते चांदी के भाव में यह कमी आई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें, तो गुरुवार को सोने और चांदी दोनों में ही बढ़त देखने को मिली है। सोना गुरुवार को 1,574 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 17.64 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रही थी। कोरोनावायरस से मौतों की संख्या में तेजी के चलते निवेशक सेफ हैवन समझे जाने वाले सोने में निवेश कर रहे हैं। यही कारण है कि इसकी कीमतों में तेजी आ रही है।