Gold Rate on 15 Nov: सोने की कीमतों में आई अच्छी कमी, चांदी में भी जबरदस्त गिरावट, जानिए क्या रह गए हैं भाव
Gold Rate on 15 Nov चांदी के भाव में शुक्रवार को 473 रुपये की गिरावट आई है। इस गिरावट से अब एक किलो चांदी का भाव 45375 रुपये पर आ गया है।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। सोने की कीमत में आज शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई है। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार, सोने के भाव में शुक्रवार को 149 रुपये की गिरावट आई है। इस गिरावट से राष्ट्रीय राजधानी में 10 ग्राम सोने की कीमत 38,875 रुपये पर आ गई है। सिक्युरिटीज के अनुसार, कमजोर वैश्विक रुख के कारण सोने की कीमतों में यह गिरावट आई है। गौरतलब है कि गुरुवार को सोना 39,024 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्युरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी) तपन पटेल ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली में 24 कैरेट सोने के दाम में भी 149 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट और रुपये में तेजी के बीच सोने की घरेलू कीमतों में यह गिरावट दर्ज की गई है।
पटेल ने बताया कि शुक्रवार को भारतीय रुपया लगातार दूसरे दिन बढ़त बनाते हुए एक डॉलर के मुकाबले 23 पैसे की बढ़ोत्तरी के साथ कारोबार कर रहा था।
वहीं, चांदी की बात करें, तो शुक्रवार को इसकी कीमत में भारी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी के भाव में शुक्रवार को 473 रुपये की गिरावट आई है। इस गिरावट से अब एक किलो चांदी का भाव 45,375 रुपये पर आ गया है। गौरतलब है कि चांदी गुरुवार को 45,848 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
उधर अंतरराष्ट्रीय स्तर की बात करें, तो सोना न्यूयॉर्क में 1,466 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 16.86 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रही थी।
पटेल ने बताया कि सोने की वैश्विक कीमतों में गिरावट का कारण व्हाइट हाउस की आर्थिक सलाहकार Larry Kudlow का वह बयान है, जिसमें उन्होंने कहा कि यूएस चाइना के साथ एक ट्रेड डील एग्रीमेंट को पूरा करने के करीब पहुंच गया है।
यूएस और चीन के बीच ट्रेड डील के आसार से ग्लोबल इकोनॉमिक कॉन्फिडेंस बढ़ा है। इस कारण सेफ हैवन के रूप में सोने की डिमांड में कमी आई है। ऐसे में भू-राजनीतिक तनावों के बढ़ने का सोने की कीमतों को कम सपोर्ट मिलेगा।