सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट, जानिए क्या हो गया है भाव
Gold Price on 25 June सोने के भाव में 293 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है। इस गिरावट से सोने की कीमत 49072 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की हाजिर कीमत में गुरुवार को गिरावट दर्ज की गई है। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को सोने के भाव में 293 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है। इस गिरावट से सोने की कीमत 49,072 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। सिक्युरिटीज के अनुसार, रुपये में मजबूती के चलते गुरुवार को सोने के घरेलू हाजिर भाव में यह गिरावट दर्ज की गई है। गौरतलब है कि पिछले सत्र में बुधवार को सोना 49,365 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
भारतीय रुपये में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन बाद में यह 7 पैसे मजबूत होकर एक डॉलर के मुकाबले 75.65 पर आ गया।
घरेलू सर्राफा बाजार में चांदी के हाजिर भाव की बात करें, तो इसमें गुरुवार को भारी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी में गुरुवार को 598 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट से एक किलोग्राम चांदी का भाव 48,705 रुपये पर आ गया है। गौरतलब है कि पिछले सत्र में बुधवार को चांदी 49,303 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।
वैश्विक स्तर की बात करें, तो गुरुवार शाम सोने की वायदा और हाजिर दोनों ही कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। ब्लूमबर्ग के अनुसार, गुरुवार शाम कॉमेक्स पर सोने का वैश्विक वायदा भाव 0.16 फीसद या 2.80 डॉलर की गिरावट के साथ 1,772.30 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रहा था। इसके अलावा सोने का वैश्विक हाजिर भाव इस समय 0.04 फीसद या 0.74 डॉलर की गिरावट के साथ 1,760.43 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रहा था।
उधर गुरुवार शाम चांदी की वैश्विक वायदा कीमत में गिरावट और वैश्विक हाजिर कीमत में बढ़त देखने को मिली। कॉमेक्स पर चांदी का वैश्विक वायदा भाव गुरुवार शाम 0.31 फीसद या 0.06 डॉलर की गिरावट के साथ 17.76 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी का हाजिर भाव 0.23 फीसद या 0.04 डॉलर की बढ़त के साथ 17.54 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रहा था।
एचडीएफसी सिक्युरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी) तपन पटेल ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी और आर्थिक रिकवरी की चिंताओं के चलते सोने की कीमतें साल 2012 के बाद के उच्चतम स्तर पर आ गई हैं।