Gold Price on 18 Dec: हाजिर बाजार में सोने में मामूली तेजी, चांदी हुई सस्ती, जानें क्या चल रहे हैं रेट
Gold Price on 18 Dec राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चांदी की कीमत 66784 रुपये प्रति किलोग्राम पर रह गई। इससे पिछले सत्र में यानी गुरुवार को सर्राफा बाजार बंद होने के समय चांदी की कीमत 67043 रुपये प्रति किलोग्राम पर ही थी।
नई दिल्ली, पीटीआइ। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को सोने का भाव 21 रुपये की मामूली तेजी के साथ 49,644 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले सत्र में सोने का दाम 49,623 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा था। सिक्योरिटीज ने जानकारी दी है कि चांदी की कीमतों में 259 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चांदी की कीमत 66,784 रुपये प्रति किलोग्राम पर रह गई। इससे पिछले सत्र में यानी गुरुवार को सर्राफा बाजार बंद होने के समय चांदी की कीमत 67,043 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा, ''दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत में 21 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। कॉमेक्स पर रात के सत्र में सोने के दाम में तेजी का असर घरेलू बाजार में देखने को मिला।''
उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा इस सप्ताह हो सकती है इसलिए सोने की कीमत में तेजी देखने को मिली। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी कांग्रेस में सांसद इस सप्ताह राहत पैकेज को अंतिम रूप दे सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत गिरावट के साथ 1,879 डॉलर प्रति औंस पर रही। इसी तरह चांदी की कीमत गिरावट के साथ 25.71 डॉलर प्रति औंस पर रही।
वायदा बाजार में सोने का मूल्य
मल्टी कमोडिटी एक्चसचेंज पर फरवरी में डिलिवरी वाले सोने का दाम 179 रुपये यानी 0.36 फीसद की गिरावट के साथ 50,211 प्रति 10 ग्राम पर रह गया। इससे पिछले सत्र में सोने का बंद भाव 50,390 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा था। इसमें 11,680 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
वायदा बाजार में चांदी की कीमत
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर मार्च में डिलिवरी वाली चांदी की कीमत 704 रुपये यानी 1.03 फीसद की गिरावट के साथ 67,563 रुपये प्रति किलोग्राम पर रह गई। इससे पहले गुरुवार को चांदी की कीमत 68,267 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। इसमें 14,545 लॉट के लिए बिजनेस हुआ।