Forbes Billionaires List: अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति, मुकेश अंबानी 17वें स्थान पर
Forbes Billionaires List फोर्ब्स की लिस्ट में शामिल इस साल के अमीरों की कुल संपत्ति 8 ट्रिलियन डॉलर है जो कि पिछले साल से कम है।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। कोरोना वायरस के इस समय में भी अमेजन के फाउंडर और सीईओ जेफ बेजोस ने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में अपने आप को शीर्ष पर बनाया हुआ है। उनकी कुल संपत्ति 113 बिलियन डॉलर की है। बेजोस के बाद दुनिया के टॉप अमीरों की लिस्ट में दुसरे नंबर पर 98 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ बिल गेट्स हैं। फोर्ब्स की दुनिया के अमीर लोगों की 34 वीं सालाना लिस्ट जारी होने से यह जानकारी सामने आई है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी इस सूची में 17वें स्थान पर हैं और भारतीय धनाढ्यों में वह पहले स्थान पर हैं। उनका नेटवर्थ 44.3 अरब डॉलर है। मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी है।
एलवीएमएच (LVMHF) के सीईओ और चेयरमैन बर्नार्ड अर्नोल्ट दुनिया के सबसे अमीर लोगों की इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर आ गए हैं। उनकी संपत्ति 76 बिलियन डॉलर है। वहीं, इस लिस्ट में चौथे स्थान पर 67.5 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ वॉरेन बफे आए हैं। फोर्ब्स की इस लिस्ट में Oracle के फाउंडर और CTO लैरी एलिसन 59 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ पांचवें स्थान पर आए हैं।
फोर्ब्स की लिस्ट में शामिल इस साल के अमीरों की कुल संपत्ति 8 ट्रिलियन डॉलर है, जो कि पिछले साल से कम है। फोर्ब्स द्वारा जारी पिछली दुनिया के अमीरों कि लिस्ट के सभी लोगों की कुल संपत्ति 8.7 ट्रिलियन डॉलर थी। फोर्ब्स ने कहा, 'इस लिस्ट में एक महत्वपूर्ण स्थान जेफ बेजोस की पत्नी एमके बेजोस ने भी बनाया है। वे 36 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ लिस्ट में 22 वें स्थान पर आई हैं।'
साल 2020 की लिस्ट में 241 महिलाएं हैं। इनमें से सात ऐसी हैं, जो अपनी संपत्ति अपने पतियों, बच्चों या भाई-बहनों के साथ साझा करती हैं। इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप की संपत्ति में एक महीने से भी कम समय 1 बिलियन डॉलर की गिरावट आई है। कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए दुनिया के कुछ अमीर लोग इस महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और कुछ इस वैश्विक स्वास्थ्य संकट से दुनिया को उबारने के लिए दान दे रहे हैं।