EPFO, ESIC से संबंधित शिकायतों का अब तुरंत होगा निपटारा, सरकार कर रही है काम: गंगवार
2019 में शिकायत प्रबंधन प्रणाली (EPFiGMS) के पास कुल 902203 शिकायतें थीं और उनमें से 838579 शिकायतों का निपटारा किया गया था।
नई दिल्ली, पीटीआइ। श्रम और रोजगार मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि EPFO और ESIC और इसके तहत अन्य संस्थाओं से संबंधित शिकायतों के तुरंत निपटारे के लिए प्रक्रियाओं और नीतियों को सुव्यवस्थित किया जा रहा है। लोकसभा में दिए गए एक लिखित जवाब के आंकड़ों के अनुसार, 2019 में शिकायत प्रबंधन प्रणाली (EPFiGMS) के पास कुल 9,02,203 शिकायतें थीं और उनमें से 8,38,579 शिकायतों का निपटारा किया गया था।
श्रम और रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार ने सदन में बताया कि मंत्रालय जनता की शिकायतों के निपटान के संबंध में उत्तरोत्तर नीतियों और प्रक्रियाओं की समीक्षा कर रहा है। शिकायतों में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) और मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) शामिल हैं।
मंत्री ने कहा, इसके अलावा, विभिन्न सिस्टमिक सुधार और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के शिकायतों के तत्काल निवारण के उद्देश्य से पहल की गई हैं। उन्होंने कहा, केंद्रीयकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली (CPGRAMS) पर मंत्रालय से संबंधित शिकायतों की संख्या 2019 में 47,567 थी। इनमें से 46,283 शिकायतों का निपटान किया गया।