अर्थव्यवस्था में नहीं है मंदी, भारत ने G-20 देशों में सबसे अधिक औसत वृद्धि दर्ज की: अनुराग ठाकुर
मंत्री ने कहा कि सरकार निवेश के माहौल में सुधार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार हर संभव उपाय कर रही है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। सरकार ने सोमवार को कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था मंदी के दौर में नहीं है और भारत ने 2014-19 के दौरान जी -20 देशों में सबसे अधिक औसत वृद्धि दर्ज की है। लोकसभा में एक प्रश्न के जवाब में वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि IMF के अनुमानों के अनुसार, भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और इसके सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का 2020-21 में 5.8 फीसद की दर से और 2021-22 में 6.5 फीसद की विकास दर के साथ बढ़ने का अनुमान है, उन्होंने कहा कि भारत चीन को पीछे छोड़ देगा।
मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था मंदी में नहीं है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के अनुसार, 2014-19 में जीडीपी की औसत वृद्धि 7.5 फीसद थी, जो G-20 देशों में सबसे अधिक है। अन्य प्रश्नों में मंत्रालय से पूछा गया था कि क्या मंदी के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था मुश्किल दौर में है, अधिकांश अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने भी इसकी पुष्टि की है।
ठाकुर ने आगे कहा कि औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) वृद्धि में सुधार हुआ है, क्योंकि नवंबर 2019 में इसमें 1.8 फीसद की सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि अक्टूबर 2019 में यह 4 फीसद और सितंबर 2019 में 4.3 फीसद के दबाव के साथ थी। सितंबर 2019 में IIP संकुचन ने छह वर्षों में सबसे कमजोर प्रदर्शन का संकेत दिया था। मंत्री ने कहा कि सरकार निवेश के माहौल में सुधार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार हर संभव उपाय कर रही है।