अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: एयर इंडिया की खास उड़ान, पायलट से ग्राउंड स्टाफ तक सिर्फ महिलाओं ने किया काम
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एयर इंडिया ने 26 फरवरी से 8 मार्च तक लगातार अपने महिला क्रू मेंबर के साथ करीब 10 उड़ानें भरीं
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को एतिहासिक तरीके मनाने के लिए एयर इंडिया ने 26 फरवरी से 8 मार्च तक लगातार अपने महिला क्रू मेंबर के साथ करीब 10 उड़ानें भरीं। इस खास अवसर पर इस एयर इंडिया की अविश्वसनीय महिलाओं ने अपने बेड़े में सभी तरह के विमान संचालित किए। इतना ही नहीं एयर इंडिया उन महिलाओं के लिए दिल्ली से आगरा का एक यूनीक ट्रिप प्लान कर रहा है, जिन्होंने एविएशन सेक्टर से जुड़े होने के बावजूद इस रूट पर कभी भी यात्रा नहीं की है।
एयर इंडिया का बोइंग विमान दुनिया भर में उड़ान भरने के बाद 3 तारीख को भारत वापस आया है। इस विमान की सबसे खास बात यह थी कि पायलट, ग्राउंड स्टाफ से लेकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल तक, सभी जगह महिलाओं ने काम किया है। इस फ्लाइट ने दिल्ली-सेन फ्रांसिस्को-दिल्ली के रूट पर उड़ान भरी है।
एयर इंडिया के सीएमडी अश्विनी लोहानी ने कहा, “हर व्यक्ति व सामज को महिला का सम्मान करना चाहिए। यह हमारे (एयर इंडिया) लिए अत्याधिक गर्व का क्षण है जहां महिला कर्मचारी अपना नाम वैश्विक स्तर पर एविएशन सेक्टर में रोशन कर रही है। मैं अपनी एयरलाइन्स की सभी महिलाओं को बधाई देता हूं जिन्होंने अपने में पहली ऐसी उड़ान के संचालन में योगदान दिया।”
विस्तारा ने भी महिलाओं के लिए पेश की विशेष सेवा
विमानन कंपनी विस्तारा ने भी मुंबई से अमृतसर के रूट के लिए महिला संचालित फ्लाइट की योजना बनाई है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले कंपनी ने केवल महिला यात्रियों के लिए के एक सेवा पेश की थी। नई सर्विस के तहत विस्तारा महिलाओं को विशेष सीट्स, बैगेज और ट्रांस्पोर्ट असिसटेंस मुहैया करा रहा है। आपको बता दें कि भारत में विस्तारा 19 गंतव्यों पर उडा़न भरता है जिसमें 500 साप्ताहिक फ्लाइट् और 13 एयरक्राफ्ट शामिल हैं।