ज्वाइंट ऑनरशिप में खरीदें घर, मिलेंगे ये बड़े फायदे
ज्वाइंट प्रोपर्टी ऑनरशिप कई मामलों में प्रोपर्टी के मालिकों के लिए फायदेमंद है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। बहुत लोगों का सपना अपना घर खरीदना होता है। इसके लिए लोग अपनी सारी कमाई का एक बड़ा हिस्सा बचाकर रखते हैं। वहीं कुछ लोग इसके लिए लोन लेते हैं। हर प्रकार के लिए प्रोपर्टी के लिए सरकार ज्वाइंट प्रोपर्टी ऑनरशिप को बढ़ावा दे रही है, लेकिन बहुत कम लोग इस विकल्प को चुनते हैं। ज्वाइंट प्रोपर्टी ऑनरशिप कई मामलों में प्रोपर्टी के मालिकों के लिए फायदेमंद है। ज्वाइंट प्रोपर्टी कितने प्रकार की होती है और इसके फायदे क्या हैं? आइए जानते हैं-
ज्वाइंट प्रोपर्टी के प्रकार-
टीनेंट इन कॉमन: इसमें दो या दो से अधिक लोग एक प्रोपर्टी के मालिक होते हैं, लेकिन प्रोपर्टी में उनके शेयर फिक्स नहीं होते हैं। प्रोपर्टी के सभी मालिक पूरी प्रोपर्टी का प्रयोग कर सकते हैं। इस प्रकार की प्रोपर्टी के एक मालिक की मृत्यु होने की स्थिति में प्रोपर्टी का इंटरेस्ट नॉमिनी को दे दिया जाता है।
ज्वाइंट टीनेंसी: इस प्रकार की ऑनरशिप में दो या दो से ज्यादा लोग प्रोपर्टी के मालिक होते हैं। इनमें से किसी एक की मृत्यु की स्थिति में प्रोपर्टी ज्वाइंट-ऑनर की हो जाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि शादीशुदा जोड़ों को ज्वाइंट टीनेंसी को चुनना चाहिए।
ज्वाइंट प्रोपर्टी के फायदे-
स्टैंप ड्यूटी में छूट: हर राज्य में स्टैंप ड्यूटी अलग-अलग होती है। साथ ही पुरुषों और महिलाओं के लिए भी यह अलग होती है। उदाहरण के लिए दिल्ली में पुरुषों के लिए स्टैंप ड्यूटी 6 फीसद और महिलाओं के लिए 4 फीसद हैं। वहीं अगर कोई महिला और पुरुष ज्वाइंट प्रोपर्टी के लिए आवेदन करते हैं तो 5 फीसद स्टैंप ड्यूटी ली जाती है। इसलिए शादीशुदा कपल को ज्वाइंट होम लोन के लिए अप्लाई करना चाहिए।
लोन की योग्यता: ज्वाइंट प्रोपर्टी का दूसरा बड़ा फायदा लोन एलिजिबिलिटी है। अगर आप ज्वाइंट होम लोन के लिए के आवेदन कर रहे हैं तो बैंक आसानी से यह लोन पास कर देते हैं। साथ ही आप ज्यादा बड़ा लोन ले सकते हैं।
लोन रिपेमेंट: अगर आपने ज्वाइंट होम लोन लिया है तो इसे चुकाना आसाना होता है। ज्वाइंट होम लोन को दो या दो से ज्यादा लोग चुका रहे होते हैं। इसलिए सब लोग मिलकर आसानी से यह लोन चुका सकते हैं।
टैक्स बेनेफिट: ज्वाइंट होम लोन लेने पर टैक्स बेनेफिट्स भी मिलते हैं। ज्वाइंट होम लोन पर आप 2 लाख रुपये तक का टैक्स बेनेफिट पा सकते हैं। ज्वाइंट होम लोन पर प्रोपर्टी के मालिकों के शेयर के हिसाब से कैलकुलेट किया जाता है।