दुनियाभर के लिए खतरा बना कोरोना का ओमीक्रॉन वैरिएंट धीरे-धीरे अपने पैर पसारता जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका से शुरू हुआ यह वैरिएंट अब दुनिया के 57 देशों में पहुंच चुका है। वहीं, भारत में ओमीक्रॉन के मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के नए पॉजिटिव केस और एक्टिव केस में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। हालांकि, दैनिक मौतों की संख्या में गिरावट भी आई है।
3 दिन में 6 हजार से 9 हजार हुए नए केस-
इस सप्ताह कोरोना के नए मामले सबसे कम होकर 6 हजार तक हो गए थे, लेकिन पिछले 24 घंटे में नए पॉजिटिव केस की संख्या बढ़ गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 9,419 कोरोना केस की पुष्टि की गई है। बीते दिन 8 दिसंबर को 8,439 और 7 दिसंबर को 6,822 नए दैनिक पॉजिटिव केस पाए गए थे। बता दें कि केरल में पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक 5,038 नए केस पाए गए हैं, जो देश में मिले कुल केस की तुलना में 50 फीसदी से भी अधिक है।
दैनिक मौतों के साथ रिकवरी संख्या भी घटी-
कोरोना मरीजों की दैनिक मौतों की संख्या में लगातार गिरावट जारी है। पिछले 24 घंटे में देश में 159 मरीजों की मौत हुई है। बीते दिन 8 दिसंबर को 195 और 7 दिसंबर को 220 मौतें दर्ज की गई थीं। वहीं, दैनिक नए केस की तुलना में अधिक रिकवरी संख्या भी पिछले 24 घंटे में कम रही है। क्योंकि, नए केस 9 हजार से अधिक मिले हैं और उसकी तुलना में ठीक होने वालों की संख्या कम यानी 8,251 रही है।
घटने की बजाए बढ़ गए एक्टिव केस-
इस सप्ताह लगातार एक्टिव केस में गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस घटने की बजाय बढ़ गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार करीब 1 हजार एक्टिव केस बढ़े हैं। वर्तमान में कुल एक्टिव केस की संख्या 94,742 है जो बीते दिन 8 दिसंबर को 93,733 थी।
दक्षिण अफ्रीका से 9 अफ्रीकी देशों में पहुंचा वैरिएंट-
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार ओमीक्रॉन वैरिएंट लगातार बढ़ता जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका से शुरू हुआ यह वैरिंएट अब अफ्रीका महाद्वीप के 9 देशों में पहुंच चुका है। ओमीक्रॉन के मामले बोत्सवाना, घाना, मोजांबिक, नामीबिया, नाइजीरिया, सेनेगल, साउथ अफ्रीका, युगांडा और जिम्बांब्वे में पाए जा चुके हैं।
यूएस, यूके और भारत समेत 57 देशों में ओमीक्रॉन-
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक ओमीक्रॉन वैरिएंट अबतक दुनियाभर के कुल 57 देशों में पाया जा चुका है। इनमें यूएस, यूके और भारत जैसे देश शामिल हैं। भारत में अबतक 23 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। ये मामले महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक, गुजरात और दिल्ली में पाए गए हैं। ओमीक्रॉन को लेकर बेहद सतर्कता बरती जा रही है।
Certain features of the #Omicron variant, including its global spread and large number of mutations, suggest it could have a major impact on the course of the Covid-19 pandemic, the chief of the #WorldHealthOrganization (#WHO) has said. pic.twitter.com/iPpP9WRbH5
— IANS (@ians_india) December 9, 2021