कोरोना वायरस लगातार अपने पैर पसारता जा रहा है। ढाई लाख के करीब मिले दैनिक नए केस की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। महाराष्ट्र, दिल्ली और केरल सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्यों में शामिल हैं। इन राज्यों में सर्वाधिक दैनिक केस मिलने के साथ ही सर्वाधिक कुल ओमीक्रॉन मामले भी दर्ज हो चुके हैं। वहीं, एक दिन पहले जो एक्टिव केस 9 लाख के आसपास थे वह अब 11 लाख के पार पहुंच गए हैं।
कल से 52 हजार अधिक नए संक्रमित-
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में 2,47,417 नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जनवरी माह में एक दिन में संक्रमितों की यह सर्वाधिक संख्या है। बीते दिन 12 जनवरी को 1.94 लाख नए केस पाए गए थे। कल की तुलना में 52,697 अधिक नए केस दर्ज किए गए हैं। इससे पहले 11 जनवरी को देश में 1,68,063 मामले आए थे।
3 राज्य कोरोना से बुरी तरह प्रभावित-
देश के 3 राज्यों में सबसे ज्यादा दैनिक कोरोना मामले सामने आ रहे हैं। इनमें महाराष्ट्र पहले नंबर पर है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में सर्वाधिक 46,723 नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद दिल्ली में 27,561 नए केस पाए गए। केरल में 12,742 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि की गई है। बता दें कि इन राज्यों में ओमीक्रॉन मामले भी बड़े पैमाने पर पाए गए हैं।
24 घंटे में बढ़े करीब 2 लाख एक्टिव केस-
देश में पिछले 24 घंटे में 2.47 लाख नए पॉजिटिव केस की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 84,825 दर्ज की गई, जो नए केस की तुलना में बेहद कम है। बीते दिन 12 जनवरी को 60,405 मरीज ठीक हुए थे। रिकवरी संख्या कम रहने से एक्टिव केस में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। 12 जनवरी को जो एक्टिव केस 9.55 लाख थे वह अब बढ़कर 11.17 लाख के पार हो गए हैं।
महाराष्ट्र में 13 सौ के पार हुए ओमीक्रॉन-
देश में ओमीक्रॉन संक्रमितों की संख्या रुकने का नाम नहीं ले रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब ओमीक्रॉन मामले बढ़कर 5,488 हो गए हैं। सबसे ज्यादा 1367 मामले महाराष्ट्र में दर्ज किए जा चुके हैं। राजस्थान में 792 और दिल्ली में 549 केस पाए जा चुके हैं। इसी तरह केरल में 486, कर्नाटक में 479, पश्चिम बंगाल में 294, उत्तर प्रदेश में 275 और तेलंगाना में 260 ओमीक्रॉन मामले पाए जा चुके हैं।
9 राज्यों के सभी ओमीक्रॉन मरीज ठीक-
ओमीक्रॉन वैरिएंट देश के 28 राज्यों में पहुंच चुका है, जिनमें से 9 राज्य ऐसे हैं जहां पाए गए सभी ओमीक्रॉन मरीज ठीक हो गए हैं। देश अबतक 2,162 ओमीक्रॉन मरीजों को ठीक करने कामयाबी मिली है। सबसे ज्यादा 734 मरीज महाराष्ट्र में ठीक हुए हैं। बता दें कि मध्य प्रदेश, असम, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, लद्दाख, पुड्डूचेरी, हिमाचल प्रदेश और मणिपुर में अबतक मिले सभी ओमीक्रॉन मरीज ठीक हो चुके हैं।
तीसरी खुराक के रूप में 26 लाख प्रिकॉशन डोज लगी-
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 76 लाख से अधिक कोरोना वैक्सीन के डोज लगाए गए हैं। देश में कुल वैक्सीनेशन आंकड़ा 155 करोड़ के पार हो गया है। इनमें से 3 करोड़ युवाओं (15-18 वर्ष) को भी वैक्सीन लग चुकी है। वहीं, 26.73 लाख तीसरे टीके के रूप में प्रिकॉशन डोज भी लगाई जा चुकी है।
#Unite2FightCorona#LargestVaccineDrive#OmicronVariant
— Ministry of Health (@MoHFW_INDIA) January 13, 2022
𝗖𝗢𝗩𝗜𝗗 𝗙𝗟𝗔𝗦𝗛https://t.co/N3PNi9KnUspic.twitter.com/UiUy7VrMUV