अभिनेता अरशद वारसी बड़े स्टार बन चुके हैं लेकिन उनकी शुरुआती जिंदगी काफी मुश्किल भरी रही है। मुश्किल भरे दिनों वह सेल्समैन बनकर सामान बेचा करते थे। महंगे बोर्डिंग स्कूल में पढ़ने वाले अरशद के हालात ऐसे तंग हुए कि उन्हें अपनी पढ़ाई भी बीच में ही छोड़नी पड़ी थी। अरशद फिल्म इंडस्ट्री में बतौर कोरियोग्राफर आए थे। वह बिग बॉस के पहले होस्ट रहे और डांस शो के जज भी रह चुके हैं। सिंगर भी रहे अरशद वारसी के जन्मदिन पर जानते हैं उनकी जिंदगी के बारे में।
आर्थिक तंगी ने छुड़ाया बंगला और पढ़ाई
मुंबई में 19 अप्रैल 1968 को मुस्लिम परिवार में जन्मे अरशद वारसी ने जिंदगी की कठिनाइयों से सबक लेते हुए खुद को हरफनमौला बना लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महंगे बोर्डिंग स्कूल में पढ़ने वाले अरशद जब 14 साल के थे तब उनके पिता का निधन हो गया। आर्थिक तंगी के कारण अरशद वारसी को बंगला छोड़ छोटे से फ्लैट में रहना पड़ा। पैसों की किल्लत की वजह से उन्हें अपनी 10वीं की पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी।
डोर टू डोर बेचे ब्यूटी प्रोडक्ट
मुश्किल में गुजर रहे वक्त को संभालने के लिए अरशद 17 साल की उम्र में डोर टू डोर ब्यूटी प्रोडक्ट बेचा करते थे। अरशद ने फोटो लैब में भी काम किया और भी कई काम किए। इस दौरान अरशद मुंबई के एक थिएटर तक पहुंच गए और वहां डांसिंग और अभिनय सीखा। इसी बीच मुंबई के नामी रहे अकबर शामी डांस ग्रुप में जुड़ने के लिए अरशद को ऑफर मिला। यहां से अरशद का जुड़ाव फिल्म इंडस्ट्री से हो गया।
वर्ल्ड डांस चैंपियनशिप में जलवा
1987 में आई अनिल कपूर, स्मिता पाटिल और अमृता सिंह की फिल्म ठिकाना, 1987 में ही महेश भट्ट की फिल्म काश के गाने अरशद वारसी ने सरोज खान के अंडर कोरियोग्राफ किए। 1991 में अरशद ने भारतीय डांस कंप्टीशन जीता और इसके बाद 1992 में वह वर्ल्ड डांस चैंपियनशिप में चौथे नंबर पर आए। डांस कंप्टीशन जीतने से मिले पैसों से अरशद ने डांस ग्रुप ऑसम शुरू किया। 1993 में फिल्म रूप की रानी चोरों का राजा के टाइटल सांग को अरशद वारसी ने कोरियोग्राफ किया। फिल्म में आई अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, श्रीदेवी लीड रोल में थे।
अमिताभ बच्चन ने लांच किया
अरशद वारसी अब तक फिल्म इंडस्ट्री में पहुंच बना चुके थे। अरशद वारसी अभिनय करना चाहते थे। उन्हें अमिताभ बच्चन ने अपने प्रोडक्शन की फिल्म तेरे मेरे सपने से बॉलीवुड में डेब्यू कराया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही और अरशद बतौर अभिनेता इंडस्ट्री में पहचान बनाने में कामयाब रहे। इस फिल्म में जया बच्चन, चंद्रचूड़ सिंह, प्राण, एके हंगल जैसे दिग्गज कलाकारों ने शानदार अभिनय किया था।
डांस ग्रुप की मेंबर से इश्क
सफलता हासिल कर चुके अरशद डांस ग्रुप शुरू करने के दौरान से ग्रुप की अहम मेंबर मारिया गोरेट्टी के इश्क में पड़ गए। कई साल तक एक दूसरे को जानने के बाद दोनों ने 1999 में शादी कर ली। मारिया जानीमानी वीजे हैं और कई टीवी शो प्रजेंट कर चुकी हैं। दोनों के दो बच्चे हैं। पहली फिल्म हिट होने के बाद अरशद की कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं कर सकीं। इसके बाद उन्हें कई फिल्मों में साइड रोल ही मिलते रहे।
सुपरहिट फिल्में और 10 से ज्यादा अवॉर्ड
अरशद वारसी ने मुन्नाभाई एमबीबीएस में सर्किट की भूमिका से फैंस के दिलों में घर बना लिया। इसके बाद फिल्म हलचल, मैने प्यार क्यों किया, गोलमाल, धमाल, क्रेजी-4, इश्किया, जॉली एलएलबी जैसी दर्जनों हिट फिल्में और वेबसीरीज असुर दी है। अरशद वारसी को बिग बॉस के पहले होस्ट का दर्जा हासिल है। डांस शो जरा नच के दिखा के जज भी रहे हैं। फिल्म मुन्नाभाई एमबीबीएस, हलचल और जॉली एलएलबी जैसी फिल्मों के लिए 10 से ज्यादा अवॉर्ड हासिल कर चुके हैं। अरशद अगली फिल्म बच्चन पांडेय में अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगे।...Next
ये भी पढ़ें: बिमल रॉय की ‘पारो’ के रोचक किस्से
6 बॉलीवुड फिल्मों पर भारी पड़ी एक हॉलीवुड मूवी