VIDEO: कहीं देखा है एेसा...अपराधियों को पकड़ने का बिहार पुलिस का देखिए अनोखा तरीका
बिहार पुलिस अपने कारनामों के लिए अक्सर चर्चा में रहती है। इस बार उसने फिर अनोखा कारनामा कर दिखाया है जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस का अपराधियों को पकड़ने का अनोखा तरीका...
पश्चिमी चंपारण, जेएनएन। बिहार पुलिस अपने कारनामों को लेकर अक्सर चर्चा में रहती है। उसने अब एक नया कारनामा कर दिखाया है। अपराधियों को पकड़ने का ये कारनामा देख आप भी हंसे बिना नहीं रह सकते। घटना बेतिया जिले की है जहां पुलिस के साथ दुर्व्यवहार व मारपीट के एक मामले में फरार आरोपित युवक को सोमवार की शाम लौरिया थाने की पुलिस ने इस तरीके से पकड़ा कि उसका वीडियो वायरल हो रहा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपित युवक दो बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका था। इस बार जब वह पुलिस की पकड़ में आया तो फिर से पुलिस गिरफ़्त से भागने लगा था। लौरिया थाने के जमादार जितेंद्र ओझा ने आरोपित युवक को न सिर्फ खदेड़कर पकड़ लिया। बल्कि बीच सड़क पर पटक कर जमकर धुनाई की।
इस बीच करीब 10 मिनट तक रामनगर - लौरिया मुख्यपथ में शंकर होटल के समीप यह ड्रामा चला। कई राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया।
ये है बिहार पुलिस का अपराधियों को पकड़ने का अनोखा अंदाज़। कभी देखा है ऐसा? बिहार के बेतिया जिले की पुलिस है यह....#biharpolice #biharcrime pic.twitter.com/4m3Iz9VAKq — kajal lall (@lallkajal) November 5, 2019
बताया जाता है कि आरोपित युवक अंबुज ठाकुर लौरिया थाना क्षेत्र के ठाकुर टोला गांव निवासी जितेंद्र ठाकुर का पुत्र है। इसके खिलाफ लौरिया थाने में दो अलग- अलग कांड दर्ज है। दोनों कांड में वह फरार चल रहा था। सोमवार की शाम में लौरिया थाने के जमादार जितेंद्र ओझा वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान आरोपित युवक अंबुज ठाकुर बाइक से आया। पुलिस को देखकर आरोपित युवक भागने लगा तो जमादार ने खदेड़कर उसे पकड़ा।
लौरिया के थानाध्यक्ष रणधीर कुमार भट्ट ने बताया कि आरोपित युवक के खिलाफ कांड संख्या 119/2019 एवं 169/2019 दर्ज हैं। आरोपित अपने घर से फरार चल रहा है और न्यायालय से उसके खिलाफ इश्तेहार जारी किया जा चुका है।
बीते अक्टूबर माह में आरोपित की गिरफ्तारी करने के लिए पुलिस पहुंची थी तो जवानों के साथ दुर्व्यवहार किया गया था और आरोपित पुलिस गिरफ्त से भाग गया था। आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।