व्यय पर्यवेक्षक ने लिया लोस क्षेत्र का जायजा, वाहन जांच पर बल
बुधवार को वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के व्यय पर्यवेक्षक मुकेश चड्ढा ने क्षेत्र भ्रमण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों में बने चेकपोस्ट का निरीक्षण किया।
बगहा । बुधवार को वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के व्यय पर्यवेक्षक मुकेश चड्ढा ने क्षेत्र भ्रमण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों में बने चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। सभी जगहों पर पुलिस टीम वाहन जांच अभियान चला रही थी। पुलिस की कार्यशैली से पर्यवेक्षक श्री चड्ढा संतुष्ट दिखे। क्षेत्र भ्रमण के बाद श्री चड्ढा ने एसपी बगहा अरविद कुमार गुप्ता के साथ बैठक कर चुनाव के संबंध में जानकारी ली और सूचनाओं का आदान-प्रदान किया। एसपी श्री गुप्ता ने बताया कि व्यय पर्यवेक्षक द्वारा बताए गए गाइड लाइन का पुलिस अनुपालन करेगी। इसके लिए सभी थानाध्यक्षों को आदेश जारी कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि नियमानुसार आचार संहिता लागू रहने तक कोई भी व्यक्ति 50 हजार से अधिक नगद लेकर नहीं चल सकता है। पुलिस टीमें लगातार वाहनों की जांच कर रही हैं। यदि कहीं कैश बरामद होता है तो इसकी जानकारी तत्काल पर्यवेक्षक को दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि चुनाव की तिथि घोषित होने के साथ ही बगहा पुलिस जिले में सघन वाहन जांच अभियान चला रही है। जिसमें अबतक करीब पचास लाख रुपये बरामद हो चुके हैं। नगर थाना पुलिस ने सबसे अधिक 40 लाख रुपये जब्त किये।