पूजा- अर्चना के बाद चीनी मिल का पेराई सीजन शुरू, किसानों को मिलेगी बेहतर सुविधा
न्यू स्वदेशी शुगर मिल्स नरकटियागंज में पेराई सत्र आरंभ हो गया है।
बेतिया। न्यू स्वदेशी शुगर मिल्स नरकटियागंज में पेराई सत्र आरंभ हो गया है। शनिवार को चीनी मिल में विधिवत पूजा अर्चना हुई और 1.05 करोड़ क्विटल लक्ष्य के साथ गन्ना की पेराई आरंभ कर दी गई। पूजा पर कार्यपालक अध्यक्ष चंद्रमोहन बैठे। वहीं आचार्य राधेश्याम चतुर्वेदी ने पूजा संपन्न कराया। किसानों की उपस्थिति में पूजा अर्चना के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण से परिसर गूंजता रहा। इस क्रम में कार्यपालक अध्यक्ष ने मशीनरी की पूजा की। फिर गन्ना लदे बैलगाड़ी, ट्रैक्टर व ट्रक की पूजा की गई। गाड़ीवान बेलवा मोर निवासी जंग बहादुर यादव और चालक मुसहरवा गांव निवासी टिकू महतो को तिलक लगाया गया और कंबल, गमछा व नगद देकर सम्मानित किया गया। तदुपरांत कार्यपालक अध्यक्ष चंद्रमोहन राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र दुबे बगहा विधायक राम सिंह, कार्यपालक उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और किसानों ने डोंगा में गन्ना गिरा कर शुभारंभ करते हुए सत्र के सफल संचालन की कामना की। कार्यपालक अध्यक्ष चंद्रमोहन ने बताया कि किसानों को हर संभव सहूलियत दी जा रही है। चालू पेराई सत्र 2020 -21 के लिए ईख आपूर्ति में किसी प्रकार की असुविधा ना हो, इसके लिए ईख आपूर्ति कैलेंडर का वितरण किसानों को कर दिया गया है। अपील की गई है कि किसान गन्ना की आपूर्ति साफ सुथरा तथा बगैर सोर का करें। बताया कि चालू सत्र में एक करोड़ पांच लाख क्विटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है। मौके पर पूर्व विधायक विनय वर्मा, शंभू तिवारी, इफ्तेखार अहमद, वीपीसीडी कुलदीप सिंह ढाका, पीके गुप्ता, संजीव कुमार झा, आशीष वर्मा, शेख मुसन्निफ, विजय मणि तिवारी, राघवेंद्र पाठक, शैलेंद्र सिंह, इंजीनियर सीपी श्रीवास्तव, चीफ केमिस्ट बीके श्रीवास्तव, फॉर्म मैनेजर राहुल राठी, आशीष वर्मा, शंकर शरण सिंह, किसान अमीरुदीन अहमद, कामेश्वर नाथ तिवारी, रामाशीष सिंह, प्रदीप कुमार, बृजेश केजरीवाल, बलिराम सिंह यादव, हेमेंद्र तिवारी, रंजु चौबे, मनोज मिश्र, पीके जोशी, बबलू दुबे समेत काफी संख्या में किसान और मिल के पदाधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।